– 50 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
नागपुर :- नागपुर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 किलो ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है, जबकि ओडिशा के संबलपुर का एक आरोपी अभी फरार है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। नागपुर पुलिस की अपराध शाखा के एनडीपीएस दस्ते ने पारडी थाना क्षेत्र में भंडारा–नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उमिया कॉम्प्लेक्स के पास कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 50 किलो 560 ग्राम गांजा बरामद किया। पेट्रोलिंग के दौरान ट्रक चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर पुलिस ने वाहन को रोका और एनडीपीएस अधिनियम के तहत सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक के केबिन से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने गांजे के साथ ट्रक और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त किए गए कुल माल की कुल कीमत करीब 28 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अलाउद्दीन मोहम्मद जमालुद्दीन शराफत अली मलिक, कपिलनगर, निवासी के रूप में हुई है। वहीं, ओडिशा के संबलपुर निवासी एक अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। पारडी पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस द्वारा गांजा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए पारडी पुलिस के हवाले किया गया है।








