– भाजपा कर रही 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ का आयोजन
नागपुर :- भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में 11 से 18 नवंबर तक ‘जनजातीय गौरव सप्ताह’ मनाया जा रहा है। नागपुर ग्रामीण जिले में भी इस सप्ताह के अंतर्गत आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान तथा केंद्र सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाएगी। यह जानकारी भाजपा नागपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मनोहर कुंभारे ने दी।
भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में हुआ था। उन्होंने ब्रिटिश शासन के खिलाफ ‘उलगुलान’ आंदोलन का नेतृत्व करते हुए आदिवासी समाज की जमीन, जंगल और स्वाभिमान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ अर्थात ‘हमारा देश, हमारा राज’ का नारा देने वाले बिरसा मुंडा को आदिवासी समाज श्रद्धापूर्वक ‘धरती आबा’ के नाम से संबोधित करता है। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में तिलका मांझी, सिद्धो-कान्हू, चांद-भैरव, फूलो-झानो, रानी दुर्गावती, टंट्या भील, वीर नारायण सिंह, कोमाराम भीम और रानी गाइदिन्ल्यू सहित अनेक आदिवासी वीरों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इन महान क्रांतिकारियों के संघर्ष, बलिदान और इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाना जनजातीय गौरव सप्ताह का प्रमुख उद्देश्य है।
केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में 15 नवंबर को आधिकारिक रूप से ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया था। आदिवासी समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, स्वास्थ्य एवं आर्थिक विकास के लिए पीएम जनमन योजना, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, वनधन विकास केंद्र तथा सिकल सेल उन्मूलन अभियान जैसी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
जनजातीय गौरव सप्ताह केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के शौर्य, बलिदान, संस्कृति, परंपरा और स्वाभिमान के सम्मान का संकल्प है। इस अभियान के माध्यम से आदिवासी समाज के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को व्यापक पहचान देने, समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी आदिवासी समाज के सम्मान, सुरक्षा, संस्कृति और सर्वांगीण विकास के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी, ऐसा मनोहर कुंभारे ने कहा।






