– पीड़ित किसानों ने वन विभाग से मांगा मुआवजा
नागपुर :- कुरहा क्षेत्र के मौजा गव्हाबालापुर स्थित खेत सर्वे नंबर 15/1 में वन्य जीव, विशेष कर जंगली सुअरों के उत्पात से किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा रहा है। स्थानीय किसान किसान कमलाबाई रामकृष्ण डहाके और शैलेश रामकृष्ण डहाके की लगभग तीन एकड़ में लगी तुअर की फसल हाल ही में जंगली सुअरों ने पूरी तरह से तहस-नहस कर दी।इस अचानक हुए नुकसान से दोनों किसान गहरे संकट में आ गए हैं। पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने फसल नुकसान की जानकारी संबंधित वन विभाग को ऑनलाइन माध्यम से समय पर दी थी, लेकिन इसके बावजूद अब तक वन विभाग की ओर से न तो मौके पर निरीक्षण किया गया है और न ही नुकसान का पंचनामा तैयार किया गया है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। जिससे खेती करना मुश्किल होता जा रहा है। उन्होंने संबंधित वन विभाग के अधिकारियों से तत्काल खेत का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन करने तथा नियमानुसार मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। इस घटना से क्षेत्र के किसानों में वन्य प्राणियों के बढ़ते हमलों को लेकर चिंता और रोष व्याप्त है।
वन्यजीवों के उत्पात से किसान त्रस्त
क्षेत्र के किसानों की फसलों को कयजीय तबाह कर रहे हैं। पहले ही किसान जान पर खेलकर रात्रि-बेरात्रि बिजली आपूर्ति के कारण फसलों की सिंचाई करते हैं। कई बार उन्हें कड़ाके की ठंड में भी खेत में ही जान हथेली पर रखकर रूकना पड़ता है। ऐसे में वन्यजीवों द्वारा फसल तबाह करने से किसानों पर खून के आंसू रोने की नौबत आ गई है।








