spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

हाईकोर्ट की इमारत के पास पार्किंग पर पूरी तरह प्रतिबंध

– अतिसंवेदनशील होने के कारण सुरक्षा को प्राथमिकता

 नागपुर :- बॉम्बे हाईकोर्ट की नागपुर खंडपीठ की इमारत एक ऐतिहासिक और अतिसंवेदनशील संरचना है। इसकी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। हाल ही में आतंकवादी हमलों के खतरे को देखते हुए नागपुर शहर को राज्य के अतिसंवेदनशील शहरों की सूची में शामिल किया गया है। इसी पृष्ठभूमि में पुलिस ने उच्च न्यायालय की इमारत के पास किसी भी प्रकार की पार्किंग पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर उसे न्यायालय परिसर में चस्पा किया गया है।

वकील भी वाहन खड़ा नहीं कर सकेंगे : पहले उच्च न्यायालय के आस-पास वकील अपने वाहन खड़े करते थे। इससे न्यायालय आने वाले नागरिकों, कर्मचारियों और सुरक्षा एजेंसियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नए आदेश के अनुसार अब इस क्षेत्र में वाहन खड़े करने पर प्रतिबंधित होगा। सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि, पूर्व में नागपुर खंडपीठ के एक न्यायमूर्ति को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया था। इसके अलावा हाईकोर्ट की इमारत को उड़ाने की धमकी भी दी गई थी। इन गंभीर घटनाओं के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि, यदि न्यायालय परिसर के पास कोई भी वाहन खड़ा पाया गया, तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और वकीलों से अपील की है कि, आरक्षित जगह पर ही वाहन खड़ा कर न्यायालय की सुरक्षा को बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.