spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

परिवार को लूटने वाले 8 दिन बाद पहुंचे सलाखों के पीछे

– बुटीबोरी कांड का खुलासा, पैरोल पर बाहर आए अपराधी समेत 2 गिरफ्तार

नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने बूटीबोरी क्षेत्र में हुए बहुचर्चित लूटकांड का महज आठ दिनों में पर्दाफाश करते हुए पैरोल पर जेल से बाहर आए एक शातिर बदमाश समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रास्ता पूछने के बहाने एक परिवार की कार रुकवाकर चाकू की नोक पर महिला के गले से सोने की चेन और मंगलसूत्र लूट लिया था। इस मामले में पीड़ित की बेटी के मोबाइल में कैद कुछ सेकंड का वीडियो पुलिस के लिए सबसे अहम सुराग साबित हुआ।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई की शाम कृषि विभाग में कार्यरत सुशांत हजारे अपने परिवार के साथ कार से बूटीबोरी क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनसे रास्ता पूछा। कुछ दूरी आगे बढ़ने के बाद आरोपियों ने उनकी कार रुकवाई और चाकू दिखाकर उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन व मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए। घटनास्थल पर कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं होने के बावजूद पीड़ित की बेटी ने घटना के दौरान मोबाइल से कुछ सेकंड का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। इसी वीडियो के आधार पर नागपुर ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा की तीन टीमों ने हुडकेश्वर से बूटीबोरी तक 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अफरोज उर्फ भाईजान पठान एक अन्य मामले में अमरावती जेल में बंद था। वह 15 जून को बेटे के इलाज के लिए पैरोल पर बाहर आया था। पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए उसने अपने साथी रामेश्वर प्रधान के साथ मिलकर लूट की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही अफरोज दोबारा जेल लौट गया, जहां से कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे हिरासत में लिया गया। वहीं उसके साथी रामेश्वर प्रधान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और उनके खिलाफ लूट, डकैती सहित कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं या नहीं।

Popular Articles