– छात्रों और अभिभावकों में मची खलबली, घंटों तक चला तलाशी अभियान
नागपुर :- शहर की 18 अलग-अलग स्कूलों और जिलाधिकारी कार्यालय को मंगलवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नागपुर शहर पुलिस ने तत्काल पूरी पुलिस व्यवस्था को सतर्क करते हुए संबंधित स्थानों पर सुरक्षा और तलाशी अभियान शुरू किया।
घटना की गंभीरता और धमकी वाले ई-मेल की संख्या को देखते हुए नागपुर शहर, नागपुर ग्रामीण और रेलवे पुलिस के बम खोज एवं निष्क्रियता दस्ते तथा श्वान दस्ते को मौके पर बुलाया गया। कुल छह पथक तैयार कर संबंधित स्कूलों और जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में तैनात किये गये। इसके अलावा संबंधित पुलिस थानों के अधिकारी-कर्मचारी, त्वरित प्रतिक्रिया दल और नियंत्रण कक्ष के दंगा नियंत्रण पथकों को भी मौके पर भेजा गया। पुलिस ने स्कूल प्रबंधन की मदद से विद्यार्थियों को शांतिपूर्वक और सुरक्षित तरीके से स्कूल परिसरों से बाहर निकाला। अभिभावकों को बुलाकर आवश्यक निर्देश दिए गए और विद्यार्थियों को सुरक्षित घर भेजा गया। इसके बाद बम खोज एवं निष्क्रियता दस्ते तथा श्वान दस्ते ने सभी संबंधित स्कूलों की इमारतों, परिसरों और जिलाधिकारी कार्यालय क्षेत्र की सघन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कहीं भी बम अथवा संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। 

धमकी भरे ई-मेल भेजने वाले दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2), 351(3), 61(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66 (डी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच साइबर पुलिस कर रही है.
अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
नागपुर शहर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि बम धमाके की धमकी से संबंधित किसी भी अफवाह या अप्रमाणित जानकारी पर विश्वास न करें और ऐसी जानकारी को सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। नागरिकों से प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करने को कहा गया है। किसी भी संदिग्ध या आपत्तिजनक वस्तु अथवा अनुचित गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करने या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।





