– साइकिल सवार भी हुआ जख्मी
नागपुर :- नवीन कामठी थाना क्षेत्र में सोमवार को सुबह ट्रैवल्स बस की टक्कर से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। एक साइकिल सवार घायल हो गया। घटना सुबह 7 से 7.30 बजे के बीच जयभीम चौक, सफल एंटरप्राइजेस दुकान के सामने, कामठी में हुई। मृतक की पहचान जुनैद अजीज गोरेपठान (20), निवासी अरोली, तहसील मौदा, वर्तमान में तंबाकू ओली, साजा कॉम्प्लेक्स के पास, कामठी के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया। सोहेल अजीज गोरेपठान (20) ने नवीन कामठी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना के दिन जुनैद अपनी शाइन बाइक (एम.एच.-40-डी.डी.-4532) से जा रहा था। इस दौरान ट्रैवल्स बस (एम.एच.-14-सी.डब्ल्यू.- 3333) के चालक मयूर साहेबराव पांडे (26), गोरेगांव, तहसील वरुड़, जिला अमरावती निवासी ने लापरवाही से वाहन चलाकर जुनैद की बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में जुनैद गंभीर घायल हो गया। इसी बस ने एक साइकिल सवार मारोति गोमा आटनकर (58), निवासी कांद्री कन्हान, जिला नागपुर की साइकिल को भी टक्कर मार दी, जिससे उसे मामूली चोटें आई हैं। घायल जुनैद को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल, कामठी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसे मृत घोषित कर दिया। साइकिल सवार का उपचार जारी है।




