– माउंट कार्मेल गर्ल्स हाईस्कूल की छात्राओं ने दी श्रद्धांजलि
नागपुर :- कारगिल विजय दिवस के अवसर पर माउंट कार्मेल गर्ल्स हाईस्कूल, अजनी की छात्राओं ने अमर जवान स्मारक पहुंचकर कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्राओं ने शहीदों के सम्मान में श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए देशभक्ति से ओतप्रोत प्रेरणादायक विचार भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में ब्रिगेडियर गावपांडे, कर्नल पटवर्धन सहित सेना, नौसेना और वायुसेना के अधिकारी व जवान, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए जवानों द्वारा दिया गया बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। माउंट कार्मेल गर्ल्स हाईस्कूल, अजनी की प्राचार्य सिस्टर रेजिना जॉर्ज ने कहा कि कारगिल के वीर जवानों का बलिदान भारत के गौरवशाली इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उनका अदम्य साहस, राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण और सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का अमूल्य स्रोत है। उन्होंने छात्राओं से राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देशसेवा की भावना को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश के प्रति जिम्मेदारी और सेवा की भावना को मजबूत करना प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है।





