विदर्भ हमेशा किसी एक का गढ़ नहीं रहेगा – अजित पवार

0
47

नागपुर :- “विदर्भ हर समय किसी का गढ़ नहीं रहेगा,” राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के अध्यक्ष अजित पवार के इस बयान ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। नागपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि जब मैं राजनीति में नया था, तब कांग्रेस ने कई स्थानीय नेताओं को टिकट दिया था। जिनको टिकट मिला था, उन्हें भी यह विश्वास नहीं था कि वे जीतेंगे। अलग-अलग चुनावों में विदर्भ में अलग-अलग नतीजे आते रहे हैं। हर कोई अपनी तरह से मेहनत करता है। आज भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर सबसे बड़ा दल है। उनके प्रमुख नेता देवेंद्र फडणवीस नागपुर का प्रतिनिधित्व करते हैं।

नितिन गडकरी नागपुर से सांसद हैं और केंद्रीय मंत्री के रूप में प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके कार्यकर्ताओं की अलग-अलग अपेक्षाएँ हैं। एकनाथ शिंदे की शिवसेना की भी अपनी अपेक्षाएँ हैं। नागपुर मनपा में हमें भी कुछ सीटें मिलनी चाहिए, नए लोगों को अवसर मिलना चाहिए, यही हमारी भूमिका है, ऐसा अजित पवार ने कहा।

राहुल गांधी के “वोट चोरी” वाले आरोपों पर बोलते हुए अजित पवार ने कहा – इसमें कोई तथ्य नहीं है। जब वे चुनाव जीतते हैं तो ईवीएम या मतदाता सूची में कोई गड़बड़ी नहीं होती। लेकिन जब हारते हैं तब शोर मचाते हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस हारती है तब ही ऐसे आरोप क्यों करती है?

पवार बोले – आम आदमी पार्टी, ममता बनर्जी और कांग्रेस को देश के कई राज्यों में दो-दो, तीन-तीन बार सत्ता मिली है। तब क्या वहाँ की ईवीएम और मतदाता सूची सही थीं? यह सोचने की ज़रूरत है। जब वे हारते हैं तभी आरोप क्यों लगाते हैं? ममता बनर्जी तीसरी बार मुख्यमंत्री बनीं, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में तीन बार जीत दर्ज की। तो फिर सिर्फ हारने पर ही इन्हें यह सब क्यों याद आता है, यही मेरे मन में सवाल है।