– 10 प्रतिशत मासिक रिटर्न का लालच… शुरुआत में पैसा लौटाकर जीता भरोसा, बाद में बंद किए दरवाजे!
वरोरा /चंद्रपूर :- तेजी से मुनाफा कमाने के सपने ने 51 निवेशकों को ऐसा झटका दिया, जिसकी गूंज अब पुलिस थाने तक पहुंच चुकी है। फॉरेक्स ट्रेडिंग में हर महीने 10 प्रतिशत रिटर्न का भरोसा देकर करीब 1 करोड़ 61 लाख 50 हजार रुपये जुटाने और बाद में भुगतान रोक देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गुजरात के वलसाड जिले के एक कथित कारोबारी के खिलाफ वरोरा पुलिस थाने में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया गया है।गुजरात के वलसाड जिले के राजूभाई दह्याभाई देसाई के खिलाफ येह मामला दर्ज किया गया है!
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी ने “फॉरेक्स ट्रस्ट इन्वेस्टमेंट” नाम से निवेश योजना प्रस्तुत की। दावा किया गया कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा बाजार में पूंजी लगाकर नियमित और तय मुनाफा दिया जाएगा। शुरुआत में कुछ महीनों तक समय पर रिटर्न देकर निवेशकों का विश्वास जीता गया। यही शुरुआती भुगतान आगे चलकर बड़े निवेश का आधार बना।
सितंबर 2024 में पहली बड़ी रकम बैंक ट्रांजेक्शन और नकद के माध्यम से जमा कराई गई। शुरुआती आठ महीनों में लगभग 40 हजार रुपये का रिटर्न देकर भरोसा और मजबूत किया गया। इसके बाद अन्य लोगों को भी इस योजना से जोड़ा गया और निवेश की राशि लगातार बढ़ती गई।
हालांकि, जून 2025 के बाद भुगतान रुकने से संदेह गहराया। पूछताछ पर तकनीकी कारणों और प्रोसेसिंग में देरी के बहाने दिए जाते रहे। अंततः पैसा वापस न मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।