नागपुर :- शहर पुलिस आयुक्तालय में प्रशासनिक कारणों से दो पुलिस निरीक्षकों के अस्थायी तबादले किये गये हैं। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे-पाटिल द्वारा जारी आदेश के अनुसार संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिये गये हैं। आदेश के मुताबिक, गिट्टीखदान पुलिस थाने में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के पद पर कार्यरत ललिता तोडसे का तबादला यातायात शाखा में किया गया है। वहीं, अपराध शाखा के वाहन चोरी प्रतिबंधक दस्ते में कार्यरत सारंग कृष्णराव मिराशी को गिट्टीखदान पुलिस थाने का नया वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नियुक्त किया गया है।
पुलिस आयुक्तालय ने निर्देश दिए हैं कि दोनों अधिकारी नई नियुक्ति स्थल पर तत्काल उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करें तथा पदभार संभालने की तिथि और समय की जानकारी कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।
पुलिस विभाग के अनुसार, इन प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य गिट्टीखदान पुलिस थाना और यातायात शाखा में कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाना है। माना जा रहा है कि नए नेतृत्व से शहर में कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को और मजबूती मिलेगी।





