नागपुर :- शहर के मानकापुर क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद के बाद 38 वर्षीय यामिनी कृष्णकांत यादव की मौत के मामले में पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। रिपोर्ट के अनुसार मौत गला दबाने से हुई, जिसके बाद पुलिस ने पति कृष्णकांत यादव को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
नागपुर के साईंनगर, गोविंद सिटी निवासी यामिनी यादव को बुधवार रात उनके पति कृष्णकांत यादव ने मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने गुरुवार तड़के करीब तीन बजे उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े नौ बजे काम से घर लौटा और खाना मांगने पर पत्नी से उसका विवाद हुआ। शराब पीकर आने के कारण पत्नी ने खाना देने से इनकार किया, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा और हाथापाई हुई। आरोपी के अनुसार, उसने पत्नी को थप्पड़ मारे और झड़प के दौरान उसे पलंग पर धक्का दिया। उसने यह भी दावा किया कि बच्चों ने बताया था कि उनकी मां ने गोली खा ली है, जिसके बाद पड़ोसियों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, महिला के चेहरे पर मारपीट के निशान मिलने से पुलिस को संदेह हुआ और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि होने पर जांच की दिशा बदल गई और मानकापुर पुलिस ने कृष्णकांत यादव को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी।





