spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

दो बाघों के हमले में युवक की मौत, चार साथी बाल-बाल बचे

– काम से लौट रहे मजदूरों पर गराड़ा नहर मार्ग पर हमला

नागपुर/भंडारा :-  महाराष्ट्र के भंडारा जिले में सोमवार शाम दो बाघों के हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद चार मजदूर बाल-बाल बच गए। घटना भंडारा जिले के बासोरा से नागपुर जिले के वेलतूर के बीच स्थित गराड़ा नहर मार्ग पर हुई। मृतक की पहचान बासोरा निवासी अमित भीमराव राऊत (28) के रूप में हुई है। अमित की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। इस घटना से बासोरा गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमित निर्माण स्थल पर छत की स्लैब के लिए ढांचा तैयार करने का काम करता था। सोमवार को वह बासोरा के चार अन्य मजदूरों के साथ काम के सिलसिले में वेलतूर गया था। काम खत्म होने के बाद पांचों मजदूर दो दोपहिया वाहनों से अपने गांव लौट रहे थे। शाम करीब सात से आठ बजे के बीच गराड़ा-बासोरा नहर मार्ग पर अचानक उन्हें दो बाघ दिखाई दिए। बाघों को देखकर मजदूर घबरा गए। इसी दौरान दोपहिया वाहनों का संतुलन बिगड़ गया और सभी अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे।

झाड़ियों में छिपने की कोशिश, बाघ ने गर्दन पर किया हमला

भागने के दौरान अमित फिसलकर गिर पड़ा। उसने पास की झाड़ियों और वन विभाग की टीसीएम नाली में छिपने की कोशिश की। इसी बीच एक बाघ ने उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले में अमित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उसके साथ मौजूद चार अन्य मजदूर किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।

घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। हादसे की खबर फैलते ही बासोरा सहित आसपास के गांवों से लगभग 400 से 500 नागरिक घटनास्थल पर जमा हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाघ ने मृतक के शव को नहीं खाया था।

संवेदनशील क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग

इस घटना के बाद क्षेत्र में वन्यजीवों की आवाजाही और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण उदापुरे ने वन विभाग से संवेदनशील इलाकों में सतर्कता संबंधी सूचना बोर्ड लगाने, सौर लाइटों की व्यवस्था करने और नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

उन्होंने मृतक अमित के परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की भी मांग की। महज छह महीने पहले वैवाहिक जीवन की शुरुआत करने वाले अमित की अचानक मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Popular Articles