– नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हादसा
नागपुर :- नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-44 पर पवनी वन परिक्षेत्र में सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से एक नर तेंदुए की मौत हो गई। हादसा एफडीसीएम (वन विकास महामंडल) के पवनी वन परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक-420 के समीप रात करीब 11.30 बजे हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पवनी वन परिक्षेत्र के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। वन विभाग के अनुसार मृत तेंदुए की उम्र लगभग 2 से 3 वर्ष थी। उसके शरीर पर तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से गंभीर चोटों के निशान पाए गए। मंगलवार,28 जुलाई को पवनी विक्रय डिपो में शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार तेंदुए का पोस्टमार्टम कर राजकीय प्रक्रिया के तहत अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मानद वन्यजीव रक्षक अजिंक्य भटकर, राष्ट्रीय व्याघ्र संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के प्रतिनिधि मंदार पिंगले, गोरेवाड़ा प्राणी संग्रहालय के पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सुजीत कोलंघाथ, वन विकास महामंडल के प्रादेशिक प्रबंधक उत्तम सावंत, विभागीय प्रबंधक ए.आर. घाटेकर, वन परिक्षेत्र अधिकारी गजानन केंद्रे, गौरव पाटिल सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।





