spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

एक प्लॉट कई लोगों को बेचकर 1 करोड़ 95 लाख की धोखाधड़ी

– जमीन फर्जीवाड़े का मामला उजागर

नागपुर :- सोनेगांव थानांतर्गत एक गंभीर और चौंकाने वाला प्लॉट बिक्री का फर्जीवाडा सामने आया है, जिसमें फर्जी दस्तावेजों के जरिए एक ही प्लॉट को अलग-अलग लोगों को बेचकर करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में पुलिस ने कई आरोपियों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला अमोल जोशी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्लॉट नंबर 126-ए, स्वप्निल त्रिशा अपार्टमेंट, बूटी ले-आउट, बजाजनगर, नागपुर निवासी अमोल प्रभाकर जोशी 69 वर्ष, ने सोनेगांव थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने सोनेगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत मौजा सोमलवाडा, प.ह.नं. 44, खसरा क्रमांक 133-क, 133-ख, 135/42, सिटी सर्वे नंबर 609 स्थित इंजीनियर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी में प्लॉट नंबर 5 (आराजी 384.80 वर्ग मीटर) गत 12 अगस्त 2002 को विधिवत रूप से खरीदा था।

हाल ही में जब अमोल ने उक्त प्लॉट बेचने का निर्णय लिया और सोसाइटी के सचिव विजय टरगन से संपर्क किया, तब अमोल के सामने चौंकाने वाली जानकारी आई कि सिटी सर्वे के रिकॉर्ड में उक्त प्लॉट किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर दर्ज पाया गया। जब इस संदर्भ में अमोल ने गहराई से छानबीन की गई तो बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। छानबीन के बाद मामला उजागर हुआ: जांच में सामने आया कि 3 मार्च 2025 से 19 मई 2025 के बीच आरोपी मेहुल रजनीकांत धुवाविया ने अमोल जोशी के नाम का दुरुपयोग करते हुए आरोपी सुनील अजबराव जीवतोडे को उनकी जगह पर (फर्जी प्लॉट मालिक) बनाकर खड़ा किया। इसके बाद अमोल के नाम से जाली व नकली दस्तावेज तैयार कर आरोपी कुणाल नंदकिशोर येलणे के नाम उक्त प्लॉट का विक्रय पत्र किया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने आपसी साठगांठ कर उसी प्लॉट को आगे आरोपी कार्तिक सुनील मानकर के माध्यम से आरोपी मोहम्मद सलीम खान को भी बेच दिया। इस पूरे षड्यंत्र में आरोपियों ने पूर्वनियोजित योजना के तहत फर्जी कागजात तैयार कर स्वयं के आर्थिक लाभ के लिए अमोल जोशी के साथ विश्वासघात किया। अमोल की शिकायत के अनुसार इस संगठित धोखाधड़ी के कारण उन्हें करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। इस मामले में पीड़ित अमोल जोशी की शिकायत और प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच के आधार पर सोनेगांव पुलिस थाने में उप निरीक्षक प्रदीप पिसाल ने आरोपियों के खिलाफ विविध धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।

Popular Articles