Home Latest News बीच चौराहे पर 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या

बीच चौराहे पर 14 वर्षीय नाबालिग की हत्या

0
7

– जरीपटका के जिंजर मॉल के पास पुराने विवाद में वारदात

– 10-12 हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज

नागपुर :- जरीपटका थाना क्षेत्र के जिंजर मॉल के पास गुरुवार रात पुराने विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में 14 वर्षीय किशोर की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गौतम नगर, जरीपटका निवासी आबिद उर्फ आबू रज्जाक शेख (14) के रूप में हुई है। हमले में उसका दोस्त अंतराल सिंह भी घायल हुआ है, जिसका मेयो अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात करीब 9.35 बजे आबिद अपने दोस्त अंतराल सिंह, अमानत इकबाल शेख और अन्य साथियों के साथ जिंजर मॉल के पास मौजूद था। इसी दौरान करीब 10 से 12 युवक वहां पहुंचे। बताया जा रहा है कि आबिद का दो-तीन महीने पहले पांचपावली निवासी सोहेल खान से विवाद हुआ था। इसी पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने आबिद और उसके दोस्तों से गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पथराव और ईंटों से हमला किया। इसी दौरान आबिद पर धारदार हथियार से जानलेवा वार किए गए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसके दोस्त अंतराल सिंह पर भी हथियार से वार किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जरीपटका पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए मेयो अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान डॉक्टरों ने आबिद को मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां तबस्सुम रज्जाक शेख (34) की शिकायत पर जरीपटका पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।