– मनपा एक सप्ताह में डीपीआर राज्य सरकार को भेजेगी
नागपुर :- शहर में मूलभूत सुविधाओं के साथ नागरिकों को बेहतर मनोरंजन और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 200 उद्यान और 200 खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर एक सप्ताह के भीतर राज्य सरकार को भेजने के निर्देश महापौर नीता ठाकरे ने दिए।
केंद्रीय परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना के तहत मनपा ने शहर में 200 उद्यान और 200 खेल मैदान विकसित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में महापौर ठाकरे की अध्यक्षता में डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागृह में बैठक हुई। बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे, सत्ता पक्ष नेता नरेंद्र बोरकर, क्रीड़ा विभाग सभापति दर्शनी धवड, नगरसेविका आभा पांडे तथा नगरसेवक रितेश गावंडे, सुनील दांडेकर, सुषमा चौधरी, संजय ठाकरे, विनय दाणी, बाबाराव तायडे, आलिशा फहीम खान, सुहास नानवटकर, मुजतबा अंसारी और विनोद कन्हेरे उपस्थित थे। प्रशासन की ओर से अतिरिक्त आयुक्त अंकित, अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंथम एम., अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, उपायुक्त मंगेश खवले, उपायुक्त गणेश राठौड़, वृक्ष संवर्धक अमोल चौरपगार और क्रीड़ा अधिकारी डॉ. पीयूष अंबुलकर उपस्थित रहे।
हर प्रभाग में दो उद्यान और दो मैदान
बैठक में नरेंद्र बोरकर ने बताया कि पहले चरण में प्रत्येक प्रभाग में दो उद्यान और दो खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इसके लिए संबंधित प्रभागों में जाकर नगरसेवकों को विश्वास में लेते हुए स्थान और विकास की संकल्पना तय करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने वॉक-थ्रू तथा पीएमसी की मदद से प्रस्ताव तैयार कर डीपीआर में शहर के सभी 200 उद्यानों और 200 मैदानों को शामिल करने को कहा। साथ ही डीपीआर एक सप्ताह में राज्य सरकार को भेजने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
महापौर ठाकरे ने कहा कि शहर में पर्याप्त उद्यान और खेल मैदान विकसित करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्रशासन को इस दिशा में तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। स्थायी समिति सभापति शिवानी दाणी-वखरे ने भी डीपीआर को विस्तृत और प्रभावी रूप से तैयार करने पर जोर दिया।





