– 30 हजार का प्रतिबंधित तंबाकू-पान मसाला जब्त
नागपुर :- आधी रात के बाद पान ठेला खोलकर प्रतिबंधित तंबाकू जन्य पदार्थ और पान मसाला बेचने के मामले में पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल के एस्कॉर्ट टीम ने कार्रवाई की। शुक्रवार रात करीब 2 बजे जूना कामठी के हुजरी बाजार इलाके में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 30 हजार रुपये का प्रतिबंधित माल जब्त किया। मामले में एक आरोपी के खिलाफ जूना कामठी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, एस्कॉर्ट टीम प्रमुख एपीआई भगवान कोली अपनी टीम के साथ शहर में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान हुजरी बाजार स्थित ‘दिलकश डेली नीड्स’ पान टपरी देर रात खुली मिली। पुलिस ने यहां 34 वर्षीय शहावाज शहा अब्दुल अजीज को प्रतिबंधित तंबाकू जन्य पदार्थ और पान मसाला बेचते हुए पाया। जूना कामठी पुलिस को मौके पर बुलाकर रात करीब 2.30 बजे पंचों की मौजूदगी में दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी में विमल विग, रजनीगंधा, राजश्री पान, मुसाफिर, वीआई तंबाकू, मिराज तंबाकू, पान पराग प्रीमियम सहित हुक्का फ्लेवर और हुक्का पॉट बरामद हुए। पुलिस ने करीब 30 हजार रुपये का माल जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच जारी है।





