– यवतमाल में दर्दनाक हादसा,जलाशय में नहाने गए थे युवक
यवतमाल :- नागपंचमी और सावन सोमवार के पावन पर्व पर जहां शहर और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल था, वहीं यवतमाल में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। शहर के पास टाकली स्थित बांध के जलाशय में नहाने गए तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान पीयूष यादव, प्रथमेश यादव और प्रसाद सातपुते के रूप में हुई है। तीनों यवतमाल निवासी बताए गए हैं और उनकी उम्र 16 से 20 वर्ष के बीच थी।
जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 4 बजे तीनों युवक टाकली स्थित तालाब और आसपास के झरने के क्षेत्र में घूमने तथा नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान पानी के तेज बहाव और जलाशय की गहराई का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण तीनों अचानक पानी की चपेट में आ गए और डूब गए। हादसे की जानकारी मिलते ही यवतमाल ग्रामीण पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से जलाशय में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया। बचाव दल के अथक प्रयासों के बाद शाम करीब साढ़े सात बजे तीनों युवकों के शव जलाशय से बाहर निकाले गए। तीनों युवकों के शव मिलने की खबर से उनके परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद टाकली और यवतमाल शहर में शोक का माहौल है।
कुछ ही दिनों में दूसरा बड़ा हादसा
यवतमाल क्षेत्र में जलाशयों और पर्यटन स्थलों पर लगातार हो रहे हादसों ने चिंता बढ़ा दी है। 14 अगस्त को यवतमाल के पास बोरगांव बांध में दो कॉलेज छात्राओं की डूबने से मौत हुई थी। उस घटना का दुख अभी ताजा ही था कि कुछ ही दिनों में टाकली में तीन युवकों की जान चली गई। लगातार हो रही इन घटनाओं को देखते हुए स्थानीय नागरिकों ने प्रमुख बांधों, तालाबों और झरना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ ही आवश्यक स्थानों पर पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





