– नागपुर ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई, 2.68 लाख का माल जब्त
नागपुर :- नागपुर ग्रामीण पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 47.62 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन पाउडर) जब्त किया है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मादक पदार्थ और तीन एंड्रॉयड मोबाइल सहित कुल 2 लाख 68 हजार 100 रुपये का माल जब्त किया है। यह कार्रवाई 17 अक्टूबर 2026 को बूटीबोरी पुलिस स्टेशन क्षेत्र के बोथली फाटा परिसर में की गई।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय अपराध शाखा और मादक पदार्थ विरोधी पथक की टीम नागपुर उपविभाग में संयुक्त रूप से गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि फिरोज इब्राहिम खान नामक व्यक्ति नागपुर-बोरी मार्ग पर बोथली फाटा के पास एमडी ड्रग्स बेचने आने वाला है। सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को देने के बाद पुलिस टीम ने बूटीबोरी पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की। इस दौरान बोथली फाटा परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति मिला। पूछताछ में उसकी पहचान वार्ड नंबर 9, जूनी बस्ती, लकड़ी टाल के पास, बूटीबोरी निवासी फिरोज इब्राहिम खान (35) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके पास से 8.17 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ। पूछताछ में उसने यह पदार्थ अपने साथी मोहसिन अब्दुल बेरा से बिक्री के लिए लाने की जानकारी दी।
तीन अन्य आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए अन्य आरोपियों की संलिप्तता का पता लगाया। इसके बाद नागपुर शहर से तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया। इनमें वार्ड नंबर 9, बूटीबोरी निवासी मोहसिन अब्दुल बेरा (42), शिवणकर नगर, खरबी चौक, नागपुर निवासी एहफज उर्फ लक्की अहमद खान (26) और रोशन नगर, नागपुर निवासी फारुख मुलताज शेख (25) शामिल हैं।
पुलिस ने मोहसिन अब्दुल बेरा के पास से 4.33 ग्राम, एहफज उर्फ लक्की अहमद खान के पास से 17.32 ग्राम और फारुख मुलताज शेख के पास से 17.80 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त किया। चारों आरोपियों के पास से कुल 47.62 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 लाख 38 हजार 100 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। जब्त माल की कुल कीमत 2 लाख 68 हजार 100 रुपये है। इस मामले में बूटीबोरी पुलिस स्टेशन में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की आगे की जांच नागपुर ग्रामीण पुलिस कर रही है। नागपुर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हर्ष पोद्दार, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल म्हस्के तथा सहायक पुलिस अधीक्षक एवं नागपुर उप विभागीय पुलिस अधिकारी मयंक माधव के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के प्रभारी पुलिस निरीक्षक अंकुश माने के नेतृत्व में स.पु.नि. विजय चनोर, पु.उप.नि मंगेश वानखड़े, प्रवीण भिमटे, सहायक फौजदार मिलिंद नांदुरकर, हवलदार आशीष टेकाम, विष्णु जायभाये, प्रमोद भोयर, शैलेश यादव, संजय बरोदिया, सिपाही सम्राट वनस्पति, रोहित आडे, निलेश इंगुलकर, राहुल पाटिल, एलसीबी के प्रवीण देवारे, अमोल नागरे, दीपक टोके, प्रकाश ढोके,अनिल करडखेले, अविनाश तोडसाम और एनडीपीएस पथक, नागपुर के सतीश राठौड़ तथा साइबर सेल ने भी इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।








