– आज से होगी कार्रवाई की शुरुआत
गोंदिया :- वाहनों की सुरक्षा को देखते हुए शासन ने एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया है। जिसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर रखी गई थी, लेकिन अभी भी 50 हजार से अधिक वाहन चालकों ने इस प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है। ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ 1 जनवरी से कार्रवाई की मुहिम शुरू कर दी जाएगी। बताया गया है की 31 दिसंबर तक 1 लाख 10 हजार से अधिक वाहन चालकों ने एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाकर पंजीयन किया है।
जिले में 1 अप्रैल 2019 के पूर्व के 1 लाख 82 हजार वाहन है। इन वाहनों को नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। ऑनलाइन पंजीयन कर नंबर प्लेट लगाने के लिए जिले के विभिन्न स्थानों पर 16 केंद्रों को शुरू किया गया। लेकिन प्रक्रिया को प्रतिसाद नहीं दिया गया। जिसे देखते हुए शासन ने तीन बार पंजीयन करने की तारिख बढ़ाई थी। जिसमें अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी। इस कालावधि में लगभग 1 लाख 10 हजार से अधिक वाहन मालिकों ने एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने के लिए ऑनलाइन पंजीयन कर नंबर प्लेट लगाया है।
अभी भी 50 हजार से अधिक वाहन चालकों ने पंजीयन नहीं किया है। 31 दिसंबर की देर शाम तक पंजीयन की तिथि आगे बढ़ने की सूचना नहीं दी गई। जिसे देखते हुए उपप्रादेशिक परिवहन विभाग ने जिन वाहन चालकों ने इस प्रक्रिया को पूरा नहीं किया है ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ 1 जनवरी से कार्रवाई की मुहिम शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 31 दिसंबर तक थी। अब तक 1 लाख 10 हजार से अधिक वाहन चालकों ने पंजीयन की प्रक्रिया को पूर्ण किया है। अब तक पंजीयन की तिथि बढ़ने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है।




