550 लाइसेंस धारकों को मिलेगा रोजगार

0
44

– शहरी मांग बढ़ी

नागपुर :- गैस की बढ़ती कमी और अंतरराष्ट्रीय हालातों के चलते राज्य सरकार ने शहर में फिर से केरोसीन वितरण शुरू करने का निर्णय लिया है. वर्ष 2022 में नागपुर को केरोसीन मुक्त घोषित किया गया था. तब से केरोसीन की आपूर्ति बंद हो गई थी. अब मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सरकार ने केरोसीन लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आने वाले दिनों में शहर में आपूर्ति बहाल होने की संभावना है. इस निर्णय से करीब 550 लाइसेंस धारकों को फिर से रोजगार मिलने की उम्मीद है. शहर में गैस सिलेंडर की भारी कमी के कारण लोगों को 25-30 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है. फ्लैट और सोसाइटी में रहने वाले नागरिक लकड़ी का उपयोग नहीं कर सकते, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गई है. ऐसे में शहरी क्षेत्रों

में केरोसीन की मांग तेज हो गई है. जानकारी के अनुसार, शहर की कुल जरूरत लगभग 300 किलोलीटर है, जबकि वर्तमान में मांग 144 किलोलीटर ही दर्ज की गई है. पहले प्रति व्यक्ति और बाद में प्रति सिलेंडर 4 लीटर केरोसीन वितरित किया जाता था. ऑल महाराष्ट्र फेयर प्राइस शॉपकीपर्स फेडरेशन के कार्याध्यक्ष संजय पाटिल ने सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए मांग की है कि वितरण की जिम्मेदारी फिर से लाइसेंस धारकों को दी जाए और शहरी क्षेत्रों में आपूर्ति बढ़ाई जाए.