कार-मिनी बस में टक्कर, एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

0
41

– हादसे में 9 लोग घायल

परभणी :- जिंतूर-जालना राजमार्ग पर गणेशपुर पाटी के निकट घुमावदार मोड़ पर रविवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे कार और मिनी बस के बीच आमने-सामने की हुई भिड़ंत में एक ही परिवार के चार सदस्यों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। हादसे में दोनों वाहनों में सवार 9 लोग घायल हुए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंगोली जिले के बसमत निवासी सैयद आबेद अली परिवार के साथ ईद के उपलक्ष्य में अपनी बहन से मिलने कार से जालना के मंठा जा रहे थे। दूसरी ओर, 17 सीटों वाली मिनी बस छत्रपति संभाजीनगर से परभणी की जिंतूर तहसील के बोरी गांव में एक सगाई समारोह में सम्मिलित होने जा रही थी। गणेशपुर पाटी के पास एक मोड़ पर एक दोपहिया चालक को बचाने के प्रयास में दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और मिनी बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में मिनी बस चालक संतोष शिंदे, निवासी छत्रपति संभाजीनगर का एक पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उच्च स्तरीय चिकित्सा के लिए छत्रपति संभाजीनगर स्थानांतरित किया गया है।

कार में सवार सैयद आबेद अली (38), सैयद सुमैया (32), सैयद इस्माइल (30) और 9 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अन्य दो बच्चे उफत (7) और फरवा (5) गंभीर रूप से घायल हैं। मिनी बस में सवार अशफाक कुरैशी, अकरम खान, फहमुदा अकरम खान, अबरार कुरैशी, मशीउल्लाह बेग और शाहिदा बेगम (सभी निवासी छत्रपति संभाजीनगर) घायल हुए हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चारठाणा पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक मुंजाजी दलवे, उपनिरीक्षक बी.वी. झिंजूर्डे, और राजमार्ग पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कार में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय नागरिकों और पिंपरी गीते के भगवान गीते ने अथक प्रयास किए।