spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

विदर्भ में डूबने से 8 की मौत

– गोंदिया, अमरावती, भंडारा और गड़चिरोली में हुए हादसे

गोंदिया :- अमरावती, भंडारा, गड़चिरोली : विदर्भ में मंगलवार को हुई अलग-अलग घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई। इनमें गोंदिया में 3, अमरावती में 2, गड़चिलोली में 2 और भंडारा में 1 की मौत हुई। मृतकों में दो नाबालिग शामिल हैं।

गोंदिया जिले की सड़क अर्जुनी तहसील के ग्राम फुटाला निवासी दो नाबालिगों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार को दोपहर में हुई। मृतकों में सागर गहाणे (16) एवं प्रणय गहाणे (13) का समावेश है।

अमरावती में तालाब में डूबे दो युवक

अमरावती के फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के भानखेडा क्षेत्र में मंगलवार को रंगोत्सव के दिन दो युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुदलिया नगर निवासी अनुज खलेकार (20) और कार्तिक राऊत (19) के रूप में हुई है। दोनों युवक रंग खेलने के बाद शाम करीब 4 बजे एक मित्र के साथ हनुमान गढ़ी रोड स्थित मातोश्री वृद्धाश्रम के पीछे बने तालाब में नहाने गए थे।

बोट अनियंत्रित होने से रावणवाड़ी जलाशय में डूबा युवक

धुलिवंदन के दिन नागपुर से भंडारा के रावणवाड़ी जलाशय में आए युवकों की बोट अनियंत्रित हो गई। इस घटना में एक युवक की पानी में डूबकर मृत्यु हो गई, जबकि अन्य पांच युवक पानी से बाहर निकलने में कामयाब रहे। घटना मंगलवार को हुई। मृतक का नाम उत्तराखंड राज्य के बागेश्वर जिले के गरूड तहसील बुंगा ग्राम निवासी सौरभ मेहरा (23) है। सौरभ हाल फिलहाल नागपुर में रहता था। नागपुर के होटल ट्रिगर के कर्मचारी ट्रैवल्स से रावणवाड़ी जलाशय में पहुंचे थे। होली के चलते स्थानीय प्रशासन ने रावणवाड़ी जलाशय क्षेत्र बंद रखा था। इसके बावजूद सौरभ मेहरा और उसके दोस्त जलाशय में बंधी बोट पर चढ़े। बोट पानी में अनियंत्रित हुई तो सभी पानी में कूदने लगे। सौरभतैरना नहीं जानता था। वह पानी में डूब गया। बाकी अन्य सुरक्षित पानी से बाहर आए। अड्याल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गड़चिरोली में वैनगंगा नदी में डूबने से अभियंता समेत दो मृत

गड़चिरोली के आरमोरी तहसील की वैनगंगा नदी में दो अलग-अलग घटनाओं में 2 युवकों की डूबने से मृत्यु हो गई। इनमें एक अभियंता और दूसरा मजदूर है। अभियंता शुभम रामटेके (25) मंगलवार की सुबह 10 बजे अपने मित्रों के साथ वैनगंगा नदी में गया था। जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। दूसरी घटना में ग्राम वसा में मोहझरी निवासी मुन्ना भोयर (32) की भी वैनगंगा नदी में डूबने से मौत हो गई।

Popular Articles