spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

शीत सत्र की सुरक्षा में 8 हजार जवानों का पहरा

– शहर में व्यापक बंदोबस्त, एसआरपीएफ की 5 कंपनियां, कमांडो और बम निरोधक दस्ते भी रहेंगे तैनात

नागपुर :- महाराष्ट्र विधानमंडल के शीतकालीन अधिवेशन के दौरान नागपुर में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने की तैयारी की जा रही है। विधानभवन से लेकर मंत्रियों के निवास, प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों और आंदोलन स्थलों तक पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। अधिवेशन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए 8 हजार से अधिक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और होमगार्ड तैनात किए जाएंगे। इसके लिए नागपुर पुलिस ने अन्य जिलों से 5,950 अतिरिक्त जवानों की मांग की है।

शहर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी नागपुर पुलिस के 2,319 अधिकारी और कर्मचारियों पर रहेगी। इनमें 269 अधिकारी और 2,050 पुलिसकर्मी शामिल हैं। अधिकारियों में 3 अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 11 पुलिस उपायुक्त, 11 सहायक पुलिस आयुक्त, 58 पुलिस निरीक्षक तथा 186 सहायक पुलिस निरीक्षक और पुलिस उपनिरीक्षक शामिल रहेंगे। इसके अलावा पुलिस अमलदारों की भी विभिन्न स्थानों पर तैनाती की जाएगी।

विधानभवन से रविभवन तक रहेगी निगरानी

अधिवेशन के दौरान विधानभवन, रविभवन, नागभवन और राजनीतिक दलों के मोर्चों के शुरुआती तथा समापन स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। मंत्रियों, विधायकों और वीआईपी व्यक्तियों के आवागमन के साथ संभावित आंदोलनों एवं प्रदर्शनों को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए बम निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) की 20 टीमें, फोर्स वन, गोपनीय शाखा, डीबी पथक और डॉग स्क्वॉड भी तैनात रहेंगे।

बाहरी जिलों से आएगा 5,950 जवानों का बल

पिछले वर्ष शीतकालीन अधिवेशन के दौरान बाहरी जिलों से 4,578 जवानों का अतिरिक्त बल बुलाया गया था। इस बार सुरक्षा व्यवस्था के लिए 5,950 जवानों की मांग की गई है। इसमें 350 पुलिस अधिकारी, 2,200 पुलिस कर्मचारी, 1,200 पुरुष होमगार्ड और 300 महिला होमगार्ड शामिल हैं। इसके अलावा राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की 5 कंपनियों के लगभग 400 सशस्त्र जवान भी तैनात रहेंगे।

कमांडो और आधुनिक संचार प्रणाली से लैस होगा बंदोबस्त:

इस बार सुरक्षा व्यवस्था में विशेष कमांडो दस्तों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय तथा सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए व्हाट्सऐप सहित आधुनिक संचार माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सभी सुरक्षा दस्तों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश रहेंगे।

Popular Articles