spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

बोगस डॉक्टर के इलाज से किशोर की मौत

– पूर्व जिप सभापति लेकुरवाले ने की जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग

नागपुर :- गलत उपचार और समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिलने के कारण 17 वर्षीय किशोर की मौत होने का गंभीर आरोप लगाते हुए परिजनों और नागरिकों ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व जिला परिषद सभापति अवंतिका लेकुरवाले के नेतृत्व में नागरिकों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर संबंधित डॉक्टर और उसके स्टाफ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी और निष्पक्ष जांच कराने का आग्रह किया।

इस दौरान रामटेक के सांसद श्यामकुमार बर्वे, पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष कुंदा राऊत, मृतक किशोर के पिता ईश्वर जाधव सहित बड़ी संख्या में परिजन और नागरिक उपस्थित थे। लेकुरवाले के अनुसार, डॉ. राहुल राणा अपना क्लिनिक चलाते हैं। उनकी दूसरी शाखा कामठी के बिड़गांव स्थित शिवमनगर में भी है। आरोप है कि 17 वर्षीय आनंद ईश्वर जाधव को 21 नवंबर को बुखार आने पर डॉ. राणा के पास ले जाया गया था। डॉक्टर ने दवाइयां देने के साथ इंजेक्शन लगाया और उसे घर भेज दिया। तबीयत में सुधार नहीं होने पर 22 और 23 नवंबर को भी किशोर को क्लिनिक ले जाया गया। इस दौरान डॉक्टर ने स्वयं रक्त का नमूना लेकर जांच के लिए वेईन हेल्थकेयर प्रा.लि. लैब, नवकन्यानगर भरतवाड़ा में भेजे। रिपोर्ट में डेंगू पॉजिटिव आने के बाद उसे सलाइन लगाकर घर भेज दिया गया। लेकूरवाले ने आरोप लगाया कि 24 नवंबर की सुबह आनंद की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने डॉक्टर से फोन पर संपर्क किया। डॉक्टर ने सुबह करीब 9 बजे व्हाट्सऐप पर रिपोर्ट भेजकर स्थिति गंभीर नहीं होने की बात कही। आरोप है कि इस दौरान मरीज को किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की सलाह भी नहीं दी गई। इसके बाद किशोर की हालत और बिगड़ने पर फैमिली डॉक्टर की सलाह से उसे ओरियर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि डॉ. राहुल राणा के पास एलोपैथी पद्धति से इलाज करने की आवश्यक डिग्री और अनुमति नहीं है। उन्होंने संबंधित डॉक्टर की शैक्षणिक योग्यता, चिकित्सा पंजीयन और क्लिनिक संचालन की वैधता और वेईन हेल्थकेयर प्रा.लि. लैब, नवकन्यानगर भरतवाड़ा की भी जांच कराने की मांग की।

लैब स्टाफ की भूमिका की भी जांच हो

मृतक के परिजनों ने इस मामले में केवल डॉक्टर ही नहीं, बल्कि वेईन हेल्थकेयर प्रा.लि. के संबंधित स्टाफ की भूमिका की भी जांच करने की मांग की। उनका आरोप है कि 22 नवंबर की जांच रिपोर्ट में प्लेटलेट्स सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी संकेत चिंताजनक होने के बावजूद मरीज को उचित उपचार के लिए मार्गदर्शन नहीं दिया गया। एनएस-1 पॉजिटिव रिपोर्ट होने के बावजूद डेंगू से संबंधित जानकारी स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध नहीं कराने का आरोप भी लगाया गया।

प्रतिनिधिमंडल और परिजनों ने पूरे प्रकरण की स्वतंत्र जांच कराकर डॉक्टर, लैब और संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग जिलाधिकारी से की।

Popular Articles