Home Latest News समय पर नहीं आए तो बंद हो जाएंगे दरवाज़े

समय पर नहीं आए तो बंद हो जाएंगे दरवाज़े

0
77

– अजित पवार की मंत्रियों को कड़ी चेतावनी”

नागपुर :- उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने अपने ही गुट के मंत्रियों को स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि जिन्हें पालकमंत्री पद दिया गया है, उन्हें अपने जिलों में जाना ही होगा। उन्होंने कहा कि मंत्री पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ ज़मीन पर उतरें, और जिलाध्यक्षों की अनदेखी करना अब नहीं चलेगा। अजित पवार ने कहा कि अब मंत्रियों को सप्ताह में तीन दिन मुंबई में, एक दिन अपने विधानसभा क्षेत्र में और तीन दिन पार्टी के लिए देना अनिवार्य होगा। जो मंत्री यह समय नहीं देंगे, उन्हें कुर्सी छोड़नी पड़ सकती है, और दूसरों को मौका दिया जाएगा। नागपुर में शुक्रवार को अजित पवार गुट का चिंतन शिविर आयोजित किया गया, जिसमें अजित पवार ने मंत्रियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना काम किए मीडिया में सुर्खियां बटोरते हैं। अब हर जिले में हर तीन महीने में जनसंवाद कार्यक्रम होगा, संगठनात्मक पदों की समीक्षा होगी, और जरूरत पड़ी तो बदलाव भी किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी में प्रवेश से पहले व्यक्ति की छवि और लोकप्रियता की अच्छे से जांच होनी चाहिए।

शिविर की शुरुआत सुबह 9:30 बजे हुई, लेकिन कई मंत्री और विधायक समय पर नहीं पहुंचे। इस पर अजित पवार ने नाराज़गी जताते हुए कहा, “पार्टी एक दिन बुलाती है और आप समय पर नहीं आते! अब से ठीक 9:30 बजे विमान के दरवाज़ों की तरह दरवाज़े बंद कर दिए जाएंगे। जो लेट आएंगे उन्हें बाहर ही रखा जाएगा। इस चिंतन शिविर में प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे, दिलीप वळसे पाटील, छगन भुजबळ, धनंजय मुंडे, नरहरी झिरवळ, अदिती तटकरे, और पार्टी के सभी मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाध्यक्ष व पदाधिकारी उपस्थित थे।