spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

कटक में विश्व हिंदू परिषद की रैली के दौरान झड़प

– 30 से अधिक जवान घायल, 13 थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू

कटक :- कटक के दरगाह बाजार क्षेत्र में रविवार को पुलिस और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के प्रदर्शनकारियों के बीच जोरदार झड़प हो गई। उग्र भीड़ ने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की। उनमें आग लगा दी। पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने विहिप कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन वह कुछ भी सुनने को तैयार नहीं दिखे। स्थानीय इलाके में अफरातफरी मच गई। सभी दुकानें बंद हो गईं। उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इतना ही नहीं भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े। कटक शहर की मौजूदा स्थिति बेहद खराब हो गई है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी है। बताया गया कि सोमवार को विहिप ने 12 घंटे के लिए कटक बंद की घोषणा की थी। इसी के मद्देनजर रविवार को विहिप की ओर से विशाल बाइक रैली निकाली गई थी। यह रैली जैसे ही कटक दरगाह बाजार जेल रोड के पास पहुंची, जोरदार हंगामा शुरू हो गया। देखते ही देखते तोड़फोड़ शुरू हो गई।

कमिश्नरेट पुलिस के आला अधिकारी पुलिस कमिश्नर एस देवदत्त सिंह के साथ कटक डीसीपी खिलारी ऋषिकेश द्यानदेव, अतिरिक्त डीसीपी, तमाम एसीपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। भीड़ को खदेड़ा।

मालूम हो कि दशहरा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान शुक्रवार देर रात दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प हुई थी। इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सोमवार छह अक्टूबर को कटक बंद की घोषणा की है। इसी बंद को सफल बनाने के लिए रविवार को बाइक रैली निकाली गई थी। लेकिन विहिप कार्यकर्ताओं का आक्रोश भड़क उठा। पुलिस से उनकी भिड़ंत हो गई। उधर, विहिप ने जिलाधीश व डीसीपी के तबादले की मांग करते हुए शुक्रवार को उपद्रव करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। विहिप ने कहा है कि एक हजार से अधिक सीसीटीवी और दो ड्रोन के बावजूद ऐसी घटना का होना पुलिस प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

Popular Articles