नागपुर :- पूर्व नागपुर के एचबी टाउन परिसर में कॉलेज छात्रों ने अपने ही एक साथी की हत्या कर दी. शुक्रवार की रात 10 बजे हुई इस वारदात से परिसर में दहशत मच गई. आरंभिक जांच में युवती कों लेकर चल रहे विवाद में वारदात को अंजाम दिए जाने का पता चला है. मृतक पारडी की सुभान नगर मस्जिद के पास रहनेवाला 22 वर्षीय नूर नवाज हुसैन बताया जाता है. मुख्य आरोपी हर्षल रामटेके र्क इंजीनियरिंग तीसरे वर्ष का जबकि किलेश्वर बिसेन दूसरे वर्ष का छात्र है. वह नूर के साथ रायसोनी इंजीनियरिंग में पढ़ता है. सूत्रों के अनुसार नूर और आरोपियों के बीच युवती को लेकर विवाद चल रहा था. आरोपियों ने सुलह करने का झांसा देकर नूर को एसचबी टाउन परिसर में बुलाया था. इसी दौरान विवाद हो गया. चाकू से लैस आरोपियों ने नूर पर हमला कर दिया. उसे गंभीर रुप से जख्मी करके फरार हो गए. नूर को तत्काल मेयो अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. वारदात का पता चलते ही पुलिस ने धरपकड़ मुहिम चलाकर देर रात किलेश्वर बिसेन को हिरासत में ले लिया. उसका साथी हर्षल रामटेके और अनस के भी लिप्त होने का पता चला -है. उनकी देर रात तक तलाश की जा रही थी. बीते हफ्ते भर में हत्या की चार वारदात हुई है. पारडी में दूसरी वारदात है. यहां 28 अक्तूबर को अपराधी पवन आरमोरिकर ने अपने शराबी पिता की हत्या कर दी थी. अन्य दो वारदात कपिल नगर और एमआईडीसी थाने के तहत हुई थी.




