नई दिल्ली :- कहावत है ”कानून के हाथ लंबे होते हैं”, ये बात अब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने साबित कर दी है। दरअसल, खूंखार अपराधी सोहराब अपनी पैरोल जंप करके भाग गया था और दिल्ली से 1 हजार 500 किलोमीटर दूर मजे से रह रहा था। लेकिन शायद उसे अंदाजा नहीं था कि स्पेशल सेल की टीम उसे ढूंढते हुए दिल्ली से कोलकाता भी आ जाएगी। आखिरकार सीरियल किलर सोहराब दबोचा गया और उसके आजाद रहने के सपने पर स्पेशल सेल ने विराम लगा दिया। इस आर्टिकल में पढ़ें सीरियल किलर सोहराब की क्राइम कुंडली।
बता दें कि दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने कोलकाता से सीरियल किलर सोहराब को गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर 30 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। ये केस उत्तर प्रदेश के अलग-अलग थानों में रजिस्टर हुए हैं। उसने साल 2005 में लखनऊ में 3 हत्याओं को अंजाम दिया था और उसके बाद जेल से पैरोल मिलने के बाद से ही फरार चल रहा था।
चौंकाने वाली बात है कि आरोपी सोहराब और उसके दोनों भाइयों पर कई हत्याओं लूट के मुकदमे दर्ज हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीम ने कोलकाता से उसे धर दबोचा, जहां पर वह अपनी पहचान बदलकर रह रहा था।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल उसे दिल्ली लेकर आ रही है। इसके बाद उससे पूछताछ की जाएगी। इसी साल अप्रैल में यह पैरोल जंप करके फरार हो गया था और कोलकाता में रह रहा था। लेकिन उसकी फरारी ज्यादा दिन चल नहीं पाई और स्पेशल सेल ने उसे पकड़ लिया।








