– ग्रेटर नोएडा के नगला श्रीपदम गांव की घटना
ग्रेटर नोएडा :- उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव की है। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11), बेटी मिस्टी (7) और सबसे छोटे बेटे साक्षात (4) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही रबूपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और एसीपी जेवर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस परिवार की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।








