नई दिल्ली :- केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (CRPF) के वरिष्ठ एवं अनुभवी अधिकारी श्री प्रशांत आर. जांभोळकर को पुलिस उप महानिरीक्षक के पद से पदोन्नत कर पुलिस महानिरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया है। इस अवसर पर आज CRPF मुख्यालय, नई दिल्ली में एक गरिमामय रैंक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह के दौरान CRPF के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, आईपीएस द्वारा प्रशांत आर. जांभोळकर को उनके नए पद की रैंक प्रदान की गई। यह समारोह बल के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ, जिसमें CRPF मुख्यालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे और उन्होंने जांभोळकर को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बधाई दी। इस भव्य अवसर पर जांभोळकर की धर्मपत्नी कीर्ती जांभोळकर, माताजी कुमोदिनी जांभोळकर सहित उनके पुत्र एवं पुत्री भी शामिल होकर इस अवसर को एक यादगार पल बना दिया। प्रशांत आर. जांभोळकर मूल रूप से महाराष्ट्र के नागपुर शहर से हैं। अपने दीर्घ एवं उल्लेखनीय सेवाकाल के दौरान उन्होंने देश के विभिन्न संवेदनशील और चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उन्होंने न केवल प्रशासनिक दायित्वों का कुशलता से निर्वहन किया, बल्कि CRPF की विशिष्ट और प्रतिष्ठित कोबरा (CoBRA) बटालियन में भी सेवा देते हुए नक्सल-प्रभावित क्षेत्रों में साहस, नेतृत्व और रणनीतिक क्षमता का परिचय दिया।
उनकी यह पदोन्नति उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, पेशेवर दक्षता और बल के प्रति समर्पण का प्रमाण है। जांभोळकर की इस उपलब्धि से न केवल CRPF को एक सशक्त नेतृत्व प्राप्त हुआ है, बल्कि यह नागपुर शहर एवं पूरे क्षेत्र के लिए भी अत्यंत गर्व का विषय है। बल के अधिकारियों एवं सहयोगियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में CRPF नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।








