– बहन को मैसेज करने पर हुआ विवाद
नागपुर :- होली की पूर्व संध्या पर न्यू कामठी थाना क्षेत्र में हुई नाबालिग की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ. आरोपियों द्वारा बहन को आपत्तिजनक मैसेज करने को लेकर विवाद होने की जानकारी सामने आई. पुलिस ने इस मामले में चारों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया. बाल न्याय मंडल ने सभी आरोपियों को रिमांड होम भेजने के आदेश दिए. कमसरी बाजार, कामठी निवासी अरमान शौकत अली (17) और आरोपी एक ही कॉलेज में 12वीं कक्षा में साथ पढ़ते थे. इसीलिए उनकी दोस्ती थी. जख्मी मोहित दीपक डहाट (17) और यश नरेश गजभिए (19) भी उनके साथ पढ़ते थे. अरमान को जानकारी मिली कि नाबालिग आरोपी में से 2 उसकी चचेरी बहन को वाट्सएप पर मैसेज करते हैं. दोनों ने अरमान की बहन को भी कुछ मैसेज किए थे. इस बात पर कुछ दिन पहले उनका कॉलेज में ही विवाद हुआ था. रविवार की रात आरोपियों ने अरमान को बातचीत करने के बहाने ड्रैगन पैलेस रोड पर स्थित हल्दीराम रेस्टोरेंट के पास बुलाया. अरमान अपने दोस्त मोहित और यश के साथ वहां गया. चारों आरोपी पहले से वहां मौजूद थे. कुछ देर उनके बीच शाब्दिक झड़प हुई. अचानक चारों ने अरमान पर चाकू से हमला कर दिया. पेट और
सिर पर लगातार वार किए. अरमान जमीन पर गिर गया. मोहित और यश ने उसे बचाने का प्रयास किया. आरोपियों ने मोहित को भी पीठ और पेट पर चाकू मार दिया. यश की गर्दन पर चाकू का वार लगा और चारों आरोपी वहां से भाग निकले. घटना की जानकारी मिलते ही न्यू कामठी के थानेदार महेश आंधले अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. तीनों को उपचार के लिए कामठी के उपजिला अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टर ने अरमान को मृत घोषित कर दिया. यश की हालत गंभीर बनी हुई थी. उसे मेयो अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही अरमान के परिजन अस्पताल पहुंचे. अरमान की मौत की जानकारी मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई. सूचना मिलते ही डीसीपी संदीप पखाले मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को समझाकर शांत कराया. चारों नाबालिगों को देर रात हिरासत में लिया गया.








