– 918 लोगों के खिलाफ बड़ा एक्शन
नई दिल्ली :- होली के त्योहार से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए साउथ ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की पुलिस ने ‘ऑपरेशन आघात 4.0’ चलाया. इस विशेष अभियान के तहत कुल 918 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. पुलिस का मकसद त्योहार के दौरान किसी भी तरह की अवैध गतिविधि पर रोक लगाना था. अभियान के दौरान अलग-अलग कानूनों के तहत छापेमारी और गिरफ्तारी की गई. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह अभियान कई दिनों तक लगातार चलाया गया. होली से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है. ऑपरेशन के दौरान NDPS एक्ट के तहत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया. उनके पास से 6.66 किलो गांजा और 12.70 ग्राम MDMA बरामद हुई. इसके अलावा एक्साइज एक्ट के तहत 38 लोगों को पकड़ा गया. पुलिस ने इनके कब्जे से 8276 क्वार्टर शराब, 110 बीयर की बोतलें और 28 नीर केन जब्त कीं. अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर सख्ती दिखाई गई. त्योहार से पहले शराब की अवैध सप्लाई रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट में 29 लोगों को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने 11 देशी पिस्टल (CMP), 13 जिंदा कारतूस और 20 चाकू बरामद किए. इसके साथ ही जुआ खेलने के आरोप में 62 लोगों को पकड़ा गया. मौके से 82,210 रुपये नकद जब्त किए गए. पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान आपराधिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं, इसलिए पहले से ही सख्त कदम उठाए गए हैं. अवैध हथियारों की बरामदगी को बड़ी सफलता माना जा रहा है.है.