spot_imgspot_img

Latest News

spot_img

Related Posts

नंदग्राम प्रकल्प जल्द शुरू करें, शेष काम पूरा करने के निर्देश

– मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने किया गोठा परियोजना का निरीक्षण

नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका के मौजा वाठोडा स्थित नंदग्राम (गोठा) परियोजना का मनपा आयुक्त डॉ. विपिन ने निरीक्षण कर कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने परियोजना के शेष कार्यों को तत्काल पूरा कर इसे जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस दौरान आयुक्त ने मछली बाजार परियोजना के विकास कार्यों का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम, कार्यकारी अभियंता अल्पना पाटणे, राजेंद्र राठौड, घनकचरा व्यवस्थापन विभाग प्रमुख डॉ. गजेंद्र महल्ले तथा उपअभियंता राजीव गौतम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। आयुक्त डॉ. विपिन ने परियोजना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अग्निशमन व्यवस्था, बिजली, जलापूर्ति, सुरक्षा तथा संचालन एवं रखरखाव से संबंधित शेष कार्य तत्काल पूरे करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के माध्यम से नंदग्राम परियोजना का शेष 5 प्रतिशत सिविल निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा कराने को कहा। साथ ही परियोजना शुरू करने के लिए आवश्यक अग्निशमन अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त करने हेतु संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परियोजना में लगे विद्युत उपकरणों और सामग्री का औपचारिक हस्तांतरण होने तक उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार को सौंपने के निर्देश भी दिए गए।

पानी और सौर ऊर्जा के उपयोग पर जोर

गोठों की सफाई के लिए पीने योग्य पानी के बजाय शोधित पानी के इस्तेमाल की व्यवहार्यता जांचने को कहा गया। इसके लिए एसटीपी अथवा अन्य उपलब्ध स्रोतों से शोधित पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। परियोजना में अनुमानित बिजली की मांग लगभग 300 किलोवाट है, जबकि प्रस्तावित सौर ऊर्जा क्षमता 200 किलोवाट है। इसे देखते हुए सौर ऊर्जा क्षमता में आवश्यक वृद्धि की तकनीकी संभावनाओं की जांच कर संशोधित प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। साथ ही गोठों की छतों पर सौर पैनल लगाने की दिशा में भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

निराश्रित पशुओं के लिए तीन गोठे आरक्षित:

निराश्रित और लावारिस पशुओं के प्रबंधन के लिए परियोजना में कम से कम तीन गोठे आरक्षित रखने तथा लगभग 75 पशुओं की क्षमता विकसित करने के लिए आवश्यक नियोजन करने को कहा गया। परियोजना की सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवहार्यता जांचने के निर्देश भी दिए गए।

इसके अलावा पशुओं के गोबर का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लघु बायोगैस परियोजना स्थापित करने की तकनीकी एवं आर्थिक व्यवहार्यता का आकलन करने को कहा गया।

संचालन के लिए संस्थाओं से मांगे जाएंगे प्रस्ताव:

नंदग्राम परियोजना की संपूर्ण सुविधाओं अथवा चुनिंदा घटकों के संचालन एवं रखरखाव के लिए इच्छुक और पात्र संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित करने के उद्देश्य से घनकचरा व्यवस्थापन विभाग को ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ (ईओआई) तैयार करने के निर्देश दिए गए। मनपा प्रशासन का उद्देश्य आवश्यक सुविधाओं को पूरा कर परियोजना को व्यवस्थित रूप से कार्यान्वित करना है।

Popular Articles