नागपुर :- गुरुवार को सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में आईआईटी बॉम्बे के 3 छात्रों की मौत हो गई. यह हादसा मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर लोणावला के पास हुआ. मृतकों में से एक नागपुर का रहवासी था. मृतकों की पहचान नाशिक निवासी ओमकुमार बोरसे (23), जयपुर निवासी श्रेयांश शर्मा (22) और नागपुर निवासी लय देशभ्रतार (20) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र सुबह खंडाला क्षेत्र में सूर्योदय देखने गए थे और कार से वापस मुंबई लौट रहे थे. इसी दौरान एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश में कार चालक नियंत्रण खो बैठा और कार अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि तीनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई. तीनों छात्र आईआईटी बॉम्बे में पढ़ते थे और अलग-अलग राज्यों से मुंबई आए थे. पुलिस के अनुसार दुर्घटना सुबह करीब 9.30 बजे हुई. सूचना मिलते ही पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है. हालांकि पुलिस ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट जानकारी सामने आएगी. गौरतलब है कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे देश के सबसे व्यस्त और तेज रपतार मार्गों में से एक है जहां अक्सर ओवरस्पीडिंग के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा नियमों के सख्ती से पालन की आवश्यकता को रेखांकित करता है.








