गोबर व गन्ना कचरे से बनेगी रसोई गैस

0
39

यवतमाल :- नेर तहसील के उत्तरवाढोणा में रिलायंस इंडस्ट्रीज के माध्यम से करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से कॉम्प्रेस्ड बायोगैस प्रोजेक्ट स्थापित किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट से जिले को गैस उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ी पहल मानी जा रही है, साथ ही किसानों को भी इसका सीधा लाभमिलेगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए पालकमंत्री संजय राठोड ने पहल की है. शुक्रवार को उन्होंने जिला कलेक्टर कार्यालय में बैठक लेकर परियोजना की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए. बैठक में प्रशासनिक अधिकारी, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और कंपनी के अधिकारी मौजूद थे. बैठक में प्रशासन ने प्रोजेक्ट के लिए बिजली, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. साथ ही निर्देश दिए गए कि ग्रामसभा आयोजित कर स्थानीय लोगों को परियोजना की पूरी जानकारी दी जाए और उनकी शंकाओं का समाधान किया जाए, ताकि प्रोजेक्ट में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके. इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से जिले में ही बायोगैस का उत्पादन होगा, जिससे बाहरी ईंधन पर निर्भरता कम होगी. खेती के अवशेष जैसे गोबर, गन्ने का कचरा आदि से गैस बनाई जाएगी, जिससे किसानों को उनके कचरे का उचित मूल्य मिलेगा. इस परियोजना से करीब 200 लोगों को सीधे और लगभग 1500 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा.