Tuesday, March 31, 2026
spot_imgspot_img
spot_img

नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़, 8 की मौत, 10 से 12 श्रद्धालु हुए घायल

नालंदा :- बिहार के नालंदा में मंगलवार (31 मार्च, 2026) की सुबह एक मंदिर में मची भगदड़ के चलते आठ महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई. वहीं कई लोग भगदड़ के चलते घायल हो गए. मृतकों में कई महिलाएं पटना की बताई जा रही हैं. मौत का आंकड़ा बढ़ने की संभावना है. यह घटना दीपनगर थाना इलाके के मघड़ा स्थित शीतला मंदिर की है.

बताया जा रहा कि भीड़ अधिक होने और व्यवस्था न होने के कारण यह घटना हुई है. फिलहाल हादसे के बाद राहत-बचाव का कार्य शुरू हो गया है. अभी तक प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है कि कितने श्रद्धालुओं की मौत हुई है.

हर मंगलवार को पहुंचते हैं हजारों श्रद्धालु

बताते चलें कि हर मंगलवार को यहां पूजा करने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इस मंगलवार को सुरक्षा-व्यवस्था पूरी तरह चौपट दिखी. पूजा के लिए श्रद्धालुओं की अधिक भीड़ हुई, इसी दौरान किसी वजह से भगदड़ मच गई. हालांकि पूरी घटना कैसे हुई है यह अभी पता नहीं चला है. सूचना मिलने के बाद कई एंबुलेंस मौके पर पहुंची. मौके पर एसडीएम भी पहुंचे.

इलाज के लिए भेजा गया सदर अस्पताल

इस घटना में घायल श्रद्धालुओं की संख्या 10 से 12 के करीब है. घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. मंदिर परिसर को पूरी तरह खाली करा दिया गया है. घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है.

आज नालंदा विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह

जानकारी के अनुसार, नालंदा विश्वविद्यालय का आज दीक्षांत समारोह है. राजगीर में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को शामिल होना है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी नालंदा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी रहेंगे. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस तरह के कार्यक्रम के चलते मंदिर की सुरक्षा-व्यवस्था में लापरवाही तो नहीं की गई?

फिलहाल इस पूरी खबर पर प्रशासन के आधिकारिक बयान की प्रतीक्षा है. जांच के बाद इसकी पुष्टि होगी कि कहां से कैसे चूक हुई. फिलहाल इस घटना के बाद जिल में हड़कंप मच गया है.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.
WP Twitter Auto Publish Powered By : XYZScripts.com