– पांच अधिकारियों ने जांची हाजिरी, इंस्पेक्टर-जमादार समेत कर्मचारियों पर होगी कार्रवाई
नागपुर :- शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर मनपा प्रशासन की सख्ती के बीच बुधवार सुबह करीब 6 बजे किए गए औचक निरीक्षण में 81 सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले। शहर के विभिन्न प्रभागों में स्थित हाजिरी स्टैंड पर पांच वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच की। इस दौरान एक सफाई निरीक्षक और एक जमादार भी अनुपस्थित मिले, जबकि दो सफाई निरीक्षक देर से पहुंचे।
मनपा ने अनुपस्थित मिले सफाई निरीक्षक और जमादार के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव रखा है। दोनों पर 5-5 हजार रुपये जुर्माना लगाने की भी तैयारी है। वहीं, अनुपस्थित पाए गए 81 सफाईकर्मियों के वेतन से प्रत्येक के 1,000 रुपये की कटौती के साथ सेवा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पागलखाना चौक पर सर्वाधिक अनुपस्थिति
मंगलवारी जोन के प्रभाग 10 स्थित पागलखाना चौक हाजिरी स्टैंड पर सर्वाधिक अनुपस्थिति सामने आई। यहां 89 में से 29 सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले। अतिरिक्त आयुक्त अंकित ने निरीक्षण के दौरान जमादार रितेश उसरबर्शे को भी अनुपस्थित पाया। इसी तरह लक्ष्मीनगर जोन के प्रभाग 36 स्थित त्रिमूर्ति नगर चौक हाजिरी स्टैंड पर अतिरिक्त आयुक्त मुरुगानंदम एम. ने जांच की। यहां 31 में से 16 सफाईकर्मी अनुपस्थित मिले। धंतोली जोन के प्रभाग 33 स्थित त्रिशरण चौक हाजिरी स्टैंड का अतिरिक्त आयुक्त मिलिंद मेश्राम ने निरीक्षण किया। यहां 54 में से दो कर्मचारी अनुपस्थित मिले। सफाई निरीक्षक अनूप तांबे भी अनुपस्थित पाए गए।
दो सफाई निरीक्षक देर से पहुंचे:
मुख्य स्वच्छता अधिकारी डॉ. गजेंद्र महल्ले ने मोमिनपुरा स्थित यूनानी डिस्पेंसरी और खापेकर मोहल्ला के हाजिरी स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई निरीक्षक दीपक खरे और गोविंद शेट्टी ड्यूटी पर देर से पहुंचे।
बिना सूचना के होगी जांच:
मनपा के ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के उपायुक्त राजेश भगत ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। किसी भी प्रभाग के हाजिरी स्टैंड पर अधिकारी औचक निरीक्षण के लिए पहुंच सकते हैं। बार-बार लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई मंगलवार शाम मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ की गई ऑनलाइन बैठक के बाद शुरू हुई। सफाईकर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर मिल रही शिकायतों के मद्देनजर अधिकारियों को औचक जांच के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण के स्थानों की जानकारी पहले से नहीं दी गई थी। प्रत्येक अधिकारी को तीन हाजिरी स्टैंड के जीपीएस लोकेशन दिए गए और सीधे वहां पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए गए। मनपा की इस औचक कार्रवाई से सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति व्यवस्था में सख्ती बढ़ने के संकेत मिले हैं।








