– सिलेंडर की किल्लत, एजेंसी, गोडाउन बंद
नागपुर :- शहर में घरेलू गैस सिलेंडरों की कमी के कारण नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पिछले कुछ दिनों से गैस एजेंसियों में सिलेंडर उपलब्ध न होने के कारण ग्राहकों को एजेंसियों के दरवाजों पर लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ रहा है. खासकर अब जब एजेंसियां और गोडावून बंद होने से नागरिकों को और भी परेशानी हो रही है. साथ ही, एजेंसियों ने होम डिलीवरी सेवाएं भी बंद कर दी हैं, जिससे कामकाजी वर्ग और निजी कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारी परेशान हैं.
हिंगना एमआईडी क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रमिक वर्ग के लोग रहते हैं. सिलेंडरों की कमी होने के बाद से, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कंपनी की एजेंसी की शिकायते बड़ी मात्रा में मिल रही है.
घरेलू उपयोग के लिए गैस की कमी के कारण कई परिवारों को खाना पकाने के लिए वैकल्पिक उपाय खोजने पड़ रहे हैं. ग्राहकों के अनुसार, ऑनलाइन बुकिंग करने के बाद भी उन्हें समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा है. कुछ लोगों को तो बुकिंग के बाद एक महीने तक इंतजार करना पड़ रहा है. एजेंसी का कहना है कि सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध नहीं है.
गैस की आपूर्ति जारी होने के बावजूद, नागरिकों ने प्रबंधन के प्रति अपनी नाराजगी व्यक्त की है. वहीं, गैस एजेंसी के अधिकारियों ने कहा कि आपूर्ति श्रृंखला में व्यवधान के कारण गैस की कमी उत्पन्न हुई है. उन्होंने बताया कि बढ़ती मांग और वितरण में आ रही दिक्कतों के कारण सिलेंडर समय पर नहीं पहुंच पा रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि स्थिति को जल्द सुधारने के प्रयास जारी हैं.
स्थानीय प्रशासन ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है और नागरिकों को जल्द से जल्द गैस आपूर्ति बहाल करने के लिए संबंधित कंपनियों के साथ समन्वय कर रहा है. साथ ही, कालाबाजारी रोकने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं. कुल मिलाकर, गैस सिलेंडरों की कमी के कारण दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और नागरिकों की ओर से जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग जोर पकड़ रही है.
2 हजार में अवैध बिक्री बड़े पैमाने पर
इस इलाके में बड़ी संख्या में चौपाटी, खाने-पीने की दुकानें और होटल हैं. यहां व्यावसायिक सिलेंडर इस्तेमाल होते हैं. एलपीजी की कमी के चलते सरकार ने व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति बंद करने का फैसला किया था. इसके विपरीत, सभी आम नागरिकों को सिलेंडरों की कमी का सामना करना पड़ रहा है और पिछले पंद्रह दिनों से देखा जा रहा है कि चौपाटी, दुकानें और होटल नियमित रूप से चल रहे हैं. जब हमने उनसे इस बारे में बात की, तो उन्होंने बताया कि उन्हें 2 हजार रुपये में सिलेंडर मिल रहे हैं. इससे यह संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि एजेंसी ने खुद ही कृत्रिम कमी पैदा की है और अवैध रूप से सिलेंडर बेच रही है.