नागपुर :- नागपुर महानगरपालिका (मनपा) में स्वीकृत नगरसेवकों के लिए भाजपा ने अपने कोटे से 7 सदस्यों की सूची घोषित कर दी है। शहराध्यक्ष दयाशंकर तिवारी ने इस सूची की घोषणा करते हुए बताया कि इसमें शहर के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के अनुभवी और समर्पित कार्यकर्ताओं को मौका दिया गया है।
घोषित सूची में भाजपा के 6 और गठबंधन सहयोगी शिवसेना के 1 सदस्य को शामिल किया गया है। इन नामों का प्रस्ताव बुधवार को मनपा आयुक्त को सौंपा गया। इस अवसर पर महापौर नीता ठाकरे, सत्ता पक्ष नेता बाल्या उर्फ नरेन्द्र बोरकर, उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दाणी, विधायक कृष्णा खोपड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
भाजपा की ओर से जिन नामों की घोषणा की गई है, उनमें देवेंद्र मेहर (पूर्व नागपुर), विनोद बघेल (पश्चिम नागपुर), संजय ठाकरे (दक्षिण नागपुर), जितेंद्रसिंह (जितू) ठाकुर (उत्तर नागपुर), रितेश गावंडे (दक्षिण-पश्चिम नागपुर) और सुबोध आचार्य (मध्य नागपुर) शामिल हैं। वहीं, गठबंधन के तहत शिवसेना के शहर अध्यक्ष सुरज गोजे को भी भाजपा कोटे से स्वीकृत सदस्य के रूप में अवसर दिया गया है।
विशेष रूप से जितेंद्रसिंह ठाकुर को पार्टी में पिछले 30 वर्षों से सक्रिय और निष्ठावान कार्यकर्ता के रूप में पहचान मिली है। उन्होंने युवा नेता से लेकर मनोनीत नगरसेवक तक का सफर तय किया है।
दूसरी ओर, कांग्रेस की ओर से अतुल कोटेचा और केतन ठाकरे को भी मनोनीत नगरसेवक बनाया गया है।