नागपुर :- एमआईडीसी बोरी क्षेत्र स्थित के 3 प्लॉट के सामने गंदा पानी की पाइप लाइन के चेंबर में सफाई कार्य के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रुप से घायल हो गया. हादसा शनिवार 16 मई को हुआ. मृतकों की पहचान प्रशांत मनुजे और राहुल मडावी के रूप में हुई है, जबकि सुरेश पातेकर का अस्पताल में उपचार जारी है.
जानकारी के अनुसार ठेकेदार के निर्देश पर सुपरवाइजर प्रशांत मनुजे, राहुल मडावी और सुरेश पातेकर बंद गंदा पानी की पाइप लाइन के चेंबर में सफाई कार्य के लिए उतरे थे. आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण और आवश्यक सावधानी के उन्हें चेंबर में काम करने भेजा गया. सफाई के दौरान चेंबर में जमा जहरीली गैस और रासायनिक तत्वों के कारण तीनों मजदूरों का दम घुटने लगा. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा. चेंबर को तत्काल खोला गया और तीनों को बाहर निकाला गया. सुरेश पातेकर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि प्रशांत मनुजे और राहुल मडावी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस के अनुसार आरोपी गौरव पुरी (32 वर्ष, मित्र विहार नगर, खरबी रोड, नागपुर) के खिलाफ एमआईडीसी बोरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया. इसके अलावा हाथ से मैला साफ करवाने एवं शुष्क शौचालय निर्माण प्रतिबंध अधिनियम 1993 की धारा 3, 14, 15 और 16 के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है. पुलिस ने आरोपी ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है.