– महिला कंडक्टर घायल
नागपुर :- सोमवार सुबह शहर की आपली बस सेवा से जुड़ा एक बड़ा सडक़ हादसा सामने आया.. खापरी नाका-1 डिपो की इलेक्ट्रिकबस को एक अज्ञात टिपर वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया. हादसे में बस की कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि ड्राइवर को भी चोटें आई हैं.
मिली जानकारी के अनुसार, बस क्रमांक एमएच 4०डीसी 26०2 सोमवार सुबह निर्धारित ड्यूटी नंबर 286 इ /०1 पर खापरी डिपो से आपली बस टर्मिनल की ओर जा रही थी. सुबह करीब 7 बजे पंचशील चौक के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात टिपर ने बस के सामने दाहिने हिस्से में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद टिपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया.
हादसे में बस का अगला हिस्सा, दाहिनी ओर की बॉडी और फ्रंट ग्लास बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के समय बस में करीब 4 यात्री मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई.
इस दुर्घटना में बस चालक तनवीर अहमद घायल हुए हैं, जबकि कंडक्टर सपना मोटघरे को गंभीर चोटें आने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. चालककी ओर से अज्ञात टिपर वाहन चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है.