spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

भारतीय व्यापार महोत्सव लांच

– भारत उपभोक्ता के साथ विनिर्माण का भी बने बड़ा हब

 नागपुर :-  केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को भारत मंडपम, प्रगति मैदान में कैट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) की आधिकारिक वेबसाइट को लांच किया. भारतीय व्यापार महोत्सव का संयुक्त आयोजन आईटीपीओ एवं कैट द्वारा 12 से 15 अगस्त तक भारत मंडपम में आयोजित किया जाएगा.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि, आज भारत वैश्विक बाजार में एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में उभर रहा है और देश का व्यापार तेजी से प्रगति कर रहा है. उन्होंने कहा कि यदि व्यापारी, उद्योग जगत, एमएसएमई, स्टार्टअप्स और उद्यमी मिलकर कार्य करें तो भारत 1 ट्रिलियन डॉलर निर्यात के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकता है.

उन्होंने कहा कि, भारत कौशल, ज्ञान और प्रतिभा से परिपूर्ण देश है. यदि हम अपने उत्पादों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाएं तो दुनिया भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता देगी और विदेशी बाजारों पर निर्भरता स्वत: कम हो जाएगी. उन्होंने भारतीय व्यापार महोत्सव को भारतीय व्यापार समुदाय के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि यह मंच भारत को वैश्विक बाजार में सम्मानजनक और सशक्त पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.

इस अवसर पर सांसद एवं कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि भारतीय व्यापार महोत्सव को देश की वैश्विक छवि निर्माण के एक बड़े अवसर के रूप में लेना चाहिए, जिससे भारत की पहचान केवल उपभोक्ता बाजार के रूप में नहीं बल्कि विनिर्माण एवं निर्यात आधारित अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित हो सके.

राष्ट्रीय अध्यक्ष बी. सी. भरतिया ने बताया कि वैश्विक चुनौतियों और पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सुझाए गए सात रणनीतिक कदमों पर कैट द्वारा आयोजित दो दिवसीय राष्ट्र्रीय सम्मेलन के पहले दिन विस्तार पूर्वक चर्चा की गई. व्यापार एवं उद्योग जगत के माध्यम से इन रणनीतिक उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक व्यापक रोडमैप तैयार किया गया. सम्मेलन में देशभर के 27 राज्यों के लगभग 15० प्रमुख व्यापारिक नेता, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, उद्योगपति, उद्यमी, निर्यातक, स्टार्टअप्स, महिला उद्यमी एवं विभिन्न क्षेत्रों के विशिष्ट अतिथि उपस्थित थे.

आईटीपीओ के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि, भारतीय व्यापार महोत्सव देश में रिटेल व्यापार की छवि को बदलने वाला ऐतिहासिक आयोजन सिद्ध होगा.

वहीं आईटीपीओ के एमडी नीरज खरवाल ने कहा कि, भारतीय व्यापार महोत्सव भारत की उत्पादन क्षमता, पारंपरिक उत्पादों, नवाचार और उद्यमशीलता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का सशक्त माध्यम बनेगा.

सम्मेलन में भारत को वैश्विक सप्लाई चेन एवं सोर्सिंग हब के रूप में स्थापित करने की रणनीतियों पर भी विचार किया गया. व्यापारिक नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक आत्मनिर्भरता, मजबूत घरेलू व्यापार और सशक्त भारतीय अर्थव्यवस्था के विजऩ के समर्थन में एक संयुक्त प्रस्ताव भी पारित करेंगे.


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.