– ट्रक चालक को सुनाई नहीं दिया हार्न, रिवर्स गियर में बाइक को रौंदा
नागपुर :- आखिर कान में हेडफोन लगाकर वाहन चलाने का खतरनाक नतीजा 2 लोगों की दर्दनाक मौत के रूप में सामने आया. एमआईडीसी थाना क्षेत्र में एक ट्रक (एमएच 40/सीटी-1398) के चालक ने रिवर्स गियर में बाइक (एमएच 40/एसआर-9254) को रौंद दिया. इससे बाइक चालक और सवार की दर्दनाक मौत हो गई. जांच में सामने आया कि घटना के समय बाइक चालक बार-बार हार्न बजाकर ट्रक चालक को सचेत कर रहा था लेकिन हेडफोन की वजह से ट्रक चालक को सुनाई नहीं दिया. घटना में वाड़ी निवासी विक्की संजय काले (32) और नरखेड़, जिला नागपुर निवासी किशोर शंकरलाल लोहे (42) की मौत हो गई.
जानकारी के अनुसार, विक्की और किशोर काफी पुराने दोस्त थे और साथ में ही पेंटिंग का काम भी करते थे. दोपहर करीब 12.30 बजे दोनों उक्त बाइक पर सवार होकर शिवणगांव की ओर जा रहे थे. उक्त ट्रक भी एमआईडीसी से शिवणगांव की ओर जा रहा था. इस बीच शिवणगाव की ओर से पेट्रोलियम का एक टैंकर आ रहा था. प्रियदर्शिनी कॉलेज के पिछले गेट के पास टैंकर को साइड देने के लिए ट्रक चालक रुक गया और रिवर्स गियर लगाकर ट्रक पीछे लेने लगा. उनके ठीक पीछे विक्की और किशोर की बाइक थी. ट्रक को पीछे आता देख विक्की ने बार-बार हार्न बजाया और जोर-जोर से आवाज भी दी. इस शोर ने वहां मौजूद हर किसी का ध्यान खींचा. प्रत्यक्षदर्शियों ने अनुसार, ट्रक चालक ने कानों में हेडफोन लगाकर रखा था जिससे उसे बाइक का हार्न और लोगों का शोर भी सुनाई नहीं दिया.
ट्रक लेकर फरार हुआ चालक
आखिर विक्की और किशोर, दोनों रिवर्स आ रहे ट्रक के चक्के की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गये. दोनों जख्मियों को एम्स ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हैरानी की बात है कि 2 लोगों को कुचलने के बाद भी चालक घायलों को हॉस्पिटल ले जाने में मदद की बजाय ट्रक लेकर फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.