Home Crime युवक की मौत, मित्र जख्मी, गलती से लगा पैर तो कर दी...

युवक की मौत, मित्र जख्मी, गलती से लगा पैर तो कर दी हत्या

0
3

– नाबालिग सहित 04 अरेस्ट

नागपुर :- कोराडी थाना क्षेत्र में भारत फर्नीचर के पास पान की टपरी पर सिगरेट पीते समय एक युवक का पैर दूसरे को लग जाने से शुरू हुआ विवाद हत्या में बदल गया. यह सनसनीखेज घटना मंगलवार को देर रात करीब डेढ़ बजे की है. घटना में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया. इस मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों में से नाबालिग समेत 4 को अरेस्ट कर लिया. मृतक का नाम शिवकृष्ण धाम, कोराडी निवासी शुभम राजेश बेसरे बताया गया है, जबकि उसके जख्मी साथी का नाम अतुल बलराम इवनाते (25) है. पुलिस ने दहेगांव निवासी हर्षल तेजराम नारे (24), जरीपटका निवासी व्यंकटेश विक्रम बडेल (22) और मयंक मुन्ना मनपे (21) के अलावा एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस कोराडी निवासी तेजस उर्फ कोला प्रमोद झोडापे (22), जरीपटका निवासी प्रिंस उर्फ तृषित संजय चावरे (20), मोहित धीरज रामटेके (22) और पीयूष अतुल डोंगरे (20) की तलाश कर रही है.

जानकारी के अनुसार, शुभम मजदूरी करता था. मंगलवार की रात करीब डेढ़ बजे नागपुर-कोराडी सर्विस रोड के किनारे भारत फर्नीचर के पास शुभम और अतुल पान की टपरी पर सिगरेट पी रहे थे. वहां एनपीडीए के अपराध में कुछ दिन पहले जेल से जमानत पर बाहर आया तेजस अपने अन्य साथी हर्षल और पीयूष के साथ खड़ा था.

सिगरेट पीते समय अतुल का पैर तेजस को लग गया. इस बात को लेकर तेजस ने विवाद शुरू कर दिया. कुछ समय बाद झगड़ा शांत हो गया लेकिन तेजस ने फोन कर अपने साथियों मयंक, प्रिन्स और मोहित को बुला लिया. उनके साथ एक नाबालिग साथी भी था.

मामला शांत समझकर शुभम और अतुल घर जा रहे थे कि 8 लोगों ने रंजिश मन में रखकर आपस में साजिश करते हुए पत्थर, धारदार चाकू और लकड़ी के डंडों से दोनों पर हमला कर दिया. इस हमले में शुभम के सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई. वहीं अतुल भी बीच बचाव के प्रयास में गंभीर रूप से जख्मी हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों को मेयो अस्पताल लेकर गये लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया. अतुल की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर हर्षल, व्यंकटेश, मयंक को गिरफ्तार कर लिया है तथा नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है. अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com