– अंतरराज्यीय तस्करी रैकेट का भंडाफोड़
नागपुर :- राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) की नागपुर इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है। मौदा तहसील के माथनी टोल प्लाजा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर एक ट्रक की तलाशी के दौरान करीब 522 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की कीमत लगभग 2.61 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीआरआई को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से बड़ी मात्रा में गांजा महाराष्ट्र के रास्ते अन्य राज्यों में पहुंचाया जा रहा है। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने ट्रक को रोककर उसकी गहन जांच की। तलाशी के दौरान चालक के केबिन, टूल बॉक्स और अन्य गुप्त स्थानों में छिपाकर रखे गए 247 पैकेट बरामद हुए, जिनमें गांजा भरा हुआ था।
कार्रवाई के दौरान ट्रक में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। तस्करी में इस्तेमाल किए गए ट्रक को भी जब्त कर लिया गया है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे सप्लाई चेन की पड़ताल कर रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार, ओडिशा से महाराष्ट्र और मध्य भारत के विभिन्न हिस्सों में मादक पदार्थों की तस्करी के लिए इस मार्ग का लगातार उपयोग किया जा रहा है। इसी कारण डीआरआई ने इस रूट पर निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिए हैं।
गौरतलब है कि वर्ष 2026 में डीआरआई नागपुर द्वारा की गई यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी विभाग ने दो अलग-अलग अभियानों में बड़ी मात्रा में गांजा जब्त कर कई तस्करों को गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से विदर्भ क्षेत्र के रास्ते संचालित मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



