spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

मातोश्री पगडंडी योजना से वंचित सांसद ग्राम पाथरी

– 128 मंजूर कार्यों में पाथरी को एक भी सड़क नहीं

– स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उदासीनता पर उठे सवाल, प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण की मांग

यासीन शेख, गोंदिया गोरेगांव :- तहसील क्षेत्र में जहां एक ओर शासन की महत्वाकांक्षी मातोश्री पगडंडी सड़क योजना के अंतर्गत गांव-गांव में खेतों तक पहुंच मार्गों का निर्माण कार्य तेजी से शुरू है, वहीं दूसरी ओर सांसद आदर्श ग्राम पाथरी इस योजना के लाभ से पूरी तरह वंचित रह गया है। तहसील में योजना के तहत करीब 128 सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी मिलने के बावजूद पाथरी ग्राम पंचायत क्षेत्र में एक भी कार्य स्वीकृत नहीं किया गया है। इससे गांव के किसानों में प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बताया जाता है कि तहसील के कई गांवों में चार से पांच पगडंडी सड़कों को भी मंजूरी दी गई है, जबकि बड़ी संख्या में किसानों वाले आदर्श ग्राम पाथरी को इस योजना से दूर रखा गया है। किसानों का कहना है कि खेतों तक पहुंचने के लिए वर्षों से खराब रास्तों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खेती के कामों में परेशानी होती है। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

पाथरी बना उपेक्षा का उदाहरण

सांसद आदर्श ग्राम पाथरी ग्राम पंचायत के अंतर्गत भुताईटोला और संजय टोली जैसे बड़े गांव आते हैं, जहां बड़ी संख्या में किसान निवास करते हैं। इसके बावजूद यहां मातोश्री पगडंडी सड़क योजना का एक भी काम मंजूर नहीं होना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है।

वहीं पाथरी के आसपास के गांवों जैसे मेंढाटोला, कुरहाडी, पिंडकेपार, कटंगी और हिरापुर में योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य चल रहे हैं। पड़ोसी गांवों में सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद पाथरी को योजना से बाहर रखने को लेकर ग्रामीणों में सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि कई स्थानों पर जरूरत नहीं होने के बावजूद सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी गई, जबकि किसानों के नियमित आवागमन वाले मार्गों को नजरअंदाज किया गया है। इससे योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रस्ताव भेजा, फिर भी नहीं मिली मंजूरी : उपसरपंच

इस संबंध में ग्राम पंचायत पाथरी के उपसरपंच धणेश्वर तिरले ने बताया कि मातोश्री पगडंडी सड़क योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रशासन के पास प्रस्ताव भेजा गया था, लेकिन अभी तक गांव के लिए एक भी कार्य को मंजूरी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि इस विषय को सांसद प्रफुल्ल पटेल के समक्ष भी रखा गया है और ग्राम पाथरी में मातोश्री पगडंडी सड़क योजना के अंतर्गत कार्य मंजूर करने की मांग की गई है।

अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन के अगले निर्णय पर है। किसानों ने मांग की है कि आदर्श ग्राम पाथरी की स्थिति को देखते हुए जल्द से जल्द पगडंडी सड़क निर्माण कार्यों को मंजूरी दी जाए, ताकि किसानों को खेतों तक पहुंचने में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.