मुंबई :- मानसून की मुंबई में एंट्री के पहले 24 घंटे में ही लोगों की परेशानी बढ़ गई। मंगलवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 7 बजे तक दो मलवणी फायर स्टेशन में 334मिमी, एफ/साउथ वार्ड में 328mm बारिश हुई है। इसके अलावा 27 इलाकों में 200मिमी से 300मिमी के बीच बारिश हुई।
मुंबई में अंधेरी सब-वे में पानी भर गया। इसे अस्थाई रूप से बंद किया गया है। विक्रोली वेस्ट में रिहायशी इमारत के पास बनी रिटेनिंग वॉल गिर गई। मुंबई और पालघर में बारिश का रेड, ठाणे-रायगढ़ और सिंधुदुर्ग में ऑरेंज अलर्ट है।
इधर, देश के 7 राज्यों मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में प्री-मानसून बारिश जारी है। एमपी के 17 जिलों में मंगलवार को प्री-मानसून बारिश रही। बिहार में बिजली गिरने से 3 लोगों की मौत हो गई।राजस्थान में 1 से 21 जून तक सामान्य से 41 फिसदी ज्यादा बारिश हुई। इस दौरान सामान्य बारिश 28मिमी होती है, जबकि इस सीजन में अब तक 39.3मिमी औसत बारिश हो चुकी है। यूपी के 6 शहरों में 60 की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली। हालांकि, पूर्वी यूपी में तेज धूप है और उमस हो रही है।
मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, बिहार और गुजरात के कई शहरों में बुधवार को पारा 40°C से ज्यादा रहा। देश में सबसे ज्यादा पारा उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.3°C दर्ज किया गया।
वहीं बिहार के बौधगया में 40.8°C, राजस्थान के बीकानेर, जैसलमेर और बाड़मेर में 40.8°C, झारखंड के डाल्टनगंज में 41.2°C, गुजरात के राजकोट में 40.5°C और एमपी के खजुराहो 40.4°C रहा।




