spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

“जन्मदिन पर पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश

–  “बुटीबोरी के जुमडे परिवार ने बच्चों के साथ तैयार किए 150 सीड बॉल, जंगलों को हराभरा बनाने का लिया संकल्प”

बुटीबोरी (नागपुर) :- आज के समय में जहां जन्मदिन के अवसर पर केक काटने और भव्य आयोजनों की परंपरा बढ़ती जा रही है, वहीं बुटीबोरी के जुमडे परिवार ने पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश देते हुए एक प्रेरणादायी पहल की। परिवार के सदस्य वैभव जुमडे के जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए पूरे परिवार ने बच्चों के साथ मिलकर 150 सीड बॉल (Seed Balls) तैयार किए और उन्हें वन क्षेत्रों में विसर्जित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर बच्चों को प्रकृति संरक्षण, वृक्षों का महत्व तथा जैव विविधता के संरक्षण का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। परिवार के वरिष्ठ सदस्य विशाल जुमडे ने बच्चों को समझाया कि आज पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। इसी उद्देश्य से बच्चों के मन में बचपन से ही प्रकृति के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के लिए यह विशेष गतिविधि आयोजित की गई।

इस अभियान में परिवार के विशाल जुमडे, अद्वेत, सानवी, विहा, मेध, श्रेयस, प्रज्वल एवं नव्या ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मिलकर जामुन, आम, शिवबाबूल तथा अन्य वन्य प्रजातियों के बीजों से लगभग 150 सीड बॉल तैयार किए। इन सीड बॉल्स को आगामी दिनों में वन क्षेत्रों एवं उपयुक्त स्थानों पर छोड़ा जाएगा, ताकि वर्षा ऋतु में इन बीजों का अंकुरण होकर अधिक से अधिक वृक्ष विकसित हो सकें और हरित क्षेत्र का विस्तार हो।

परिवार का मानना है कि यदि प्रत्येक परिवार जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ अथवा अन्य शुभ अवसरों पर ऐसे पर्यावरण हितैषी कार्य अपनाए, तो समाज में हरित क्रांति की नई शुरुआत हो सकती है। जुमडे परिवार की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

यह आयोजन केवल जन्मदिन का उत्सव नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के संस्कार विकसित करने का एक सार्थक प्रयास साबित हुआ।


Click above on our news logo to access the Daily E_Newspaper.
For articles or advertisements, contact us at: dineshdamahe86@gmail.com.

Copyright Disclaimer: If Any Image, video or article belongs to its respective owner/creator. Full credit goes to the original creator. No copyright infringement intended.